सोशल संवाद/डेस्क: बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हिंसा की खबरों के बीच क्रिकेट से जुड़ा एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय विवाद सामने आया है। ICC ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की उस मांग को खारिज कर दिया है, जिसमें उसने ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने मैच भारत की जगह श्रीलंका में कराने की अपील की थी।

यह भी पढ़ें: IPL 2026 पर बांग्लादेश में बैन, मुस्तफिजुर विवाद से बढ़ा भारत-बांग्लादेश क्रिकेट तनाव
रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को ICC और BCB के बीच वर्चुअल बैठक हुई। बैठक में BCB ने भारत में खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई, लेकिन ICC ने साफ शब्दों में कहा कि बांग्लादेश की सीनियर पुरुष टीम को भारत आकर ही वर्ल्ड कप के मुकाबले खेलने होंगे। ICC ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि अगर बांग्लादेश की टीम भारत नहीं आती है, तो उसे मैचों के पॉइंट्स गंवाने पड़ सकते हैं।
हालांकि, इस बैठक को लेकर अब तक ICC या BCB की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।गौरतलब है कि ICC T20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से भारत में होगी। पहला मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स में बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच खेला जाना है। इसके बाद बांग्लादेश की टीम इटली और इंग्लैंड से भी कोलकाता में भिड़ेगी, जबकि नेपाल के खिलाफ मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा।
इस पूरे विवाद की जड़ आईपीएल 2026 की मिनी ऑक्शन से जुड़ी मानी जा रही है। कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर रहमान को बड़ी रकम में खरीदा था, लेकिन बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार के विरोध के बाद सोशल मीडिया पर दबाव बढ़ा। इसके बाद BCCI के निर्देश पर केकेआर ने मुस्तफिजुर को टीम से रिलीज कर दिया। इसी फैसले के बाद BCB ने वर्ल्ड कप मैचों को भारत से बाहर शिफ्ट करने की मांग तेज कर दी, जिसे अब ICC ने पूरी तरह खारिज कर दिया है।










