सोशल संवाद/बड़बिल (ओडिशा) रिपोर्ट संजय सिन्हा : ओडिशा के केंदुझर जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब लोगों के घरों तक पहुंचने लगा है। बड़बिल तहसील क्षेत्र के बोलानी टाउनशिप में सोमवार देर रात एक मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि हादसे के समय घर के सभी सदस्य सुरक्षित थे और कोई जनहानि नहीं हुई।
यह भी पढे :धर्म परिवर्तन पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, SC दर्जे पर पुनर्विचार से इनकार; कहा- पहले के फैसले में कोई गलती नहीं
जानकारी के अनुसार, लो प्रेशर सिस्टम के कारण पिछले दो दिनों से केंदुझर सहित ओडिशा के कई जिलों में लगातार तेज बारिश हो रही है। इसी बारिश के चलते बोलानी थाना के समीप रहने वाले मो. अकरम के घर की एक तरफ की दीवार देर रात अचानक ढह गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने परिवार की कुशलक्षेम जानी तो राहत की सांस ली, क्योंकि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। अकरम एक छोटे व्यवसायी हैं। घर की दीवार गिरने से उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ रहने की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत भी फिलहाल संभव नहीं हो पा रही है।
घटना के बाद स्थानीय समाजसेवियों और आसपास के लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकार की ओर से अनुदान देकर क्षतिग्रस्त दीवार की जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि परिवार सुरक्षित तरीके से अपने घर में रह सके।
इधर, मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, जर्जर मकानों से दूर रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।









