सोशल संवाद / डेस्क: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारत A और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के बीच रोमांचक मुकाबला खेला जा रहा है। दोहा में खेले जा रहे ग्रुप B के इस मैच में UAE ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 249 रन बनाए। अब भारत A को जीत के लिए 250 रन बनाने होंगे। UAE की ओर से हरप्रीत सिंह भाटिया ने शानदार शतकीय पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
यह भी पढे : Priyansh Arya ने T20 क्रिकेट में रचा इतिहास, 68 गेंदों पर ठोके 181 रन; KL Rahul का रिकॉर्ड टूटा
हरप्रीत सिंह भाटिया ने जड़ा शानदार शतक
UAE की ओर से हरप्रीत सिंह भाटिया ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 144 गेंदों में 130 रन बनाए। उनकी पारी में 12 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उन्होंने मुश्किल परिस्थिति में टीम की पारी को संभाला और बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
वहीं, मोहम्मद शहजाद ने 28 रन और एथन डिसूजा ने 25 रन का योगदान दिया। कप्तान बासिल हमीद 34 रन बनाकर नाबाद रहे।
अरशद खान ने लिए 4 विकेट
भारत A की तरफ से अरशद खान सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 10 ओवर में 43 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। इसके अलावा हर्ष दुबे, शाहबाज अहमद, हर्षित राणा और सूर्यांश शेडगे को एक-एक विकेट मिला।
भारत A के लिए जीत जरूरी
भारत A को पाकिस्तान A के खिलाफ पिछले मुकाबले में 48 रन से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में UAE के खिलाफ यह मुकाबला टीम के लिए काफी महत्वपूर्ण है। भारत A की कप्तानी तिलक वर्मा कर रहे हैं। टीम को सेमीफाइनल में अपनी जगह मजबूत करने के लिए 250 रन का लक्ष्य हासिल करना होगा।
अब सभी की नजरें वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और रिंकू सिंह जैसे बल्लेबाजों पर रहेंगी।











