सोशल संवाद/डेस्क: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का असर अब भारत की घरेलू जरूरतों पर भी साफ नजर आने लगा है। देश अपनी कुल LPG जरूरत का करीब 60 प्रतिशत आयात करता है, ऐसे में सप्लाई चेन प्रभावित होने के कारण गैस सिलेंडरों की उपलब्धता पर दबाव बढ़ गया है। शिपमेंट में देरी और उपभोक्ताओं की बढ़ती मांग के चलते कई जगहों पर सिलेंडर की कमी और देर से डिलीवरी जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।

यह भी पढ़ें: जमशेदपुर में 86.61 करोड़ की सीवरेज योजना, अब गंदा पानी सीधे नदी में जाने पर लगेगा रोक
इसी समस्या के समाधान के तौर पर गुरुग्राम में देश का पहला LPG ATM शुरू किया गया है। भारत पेट्रोलियम (BPCL) द्वारा सोहना के सेक्टर-33 स्थित सेंट्रल पार्क फ्लावर वैली में इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में स्थापित किया गया है। इस स्मार्ट वेंडिंग मशीन के जरिए उपभोक्ता बिना किसी बुकिंग या डिलीवरी के इंतजार के महज 2 से 3 मिनट में गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। यह सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी, जिससे उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
मशीन का उपयोग पूरी तरह डिजिटल है। उपभोक्ता को अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर के जरिए OTP वेरिफिकेशन करना होगा, इसके बाद खाली सिलेंडर के QR या बारकोड को स्कैन कर मशीन में जमा करना होगा। वेरिफिकेशन के बाद UPI के माध्यम से भुगतान करते ही मशीन से नया भरा हुआ सिलेंडर उपलब्ध हो जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में केवल कुछ मिनट का समय लगता है।
इस LPG ATM में 10 किलो के कंपोजिट सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जो पारंपरिक लोहे के सिलेंडरों की तुलना में हल्के और उपयोग में अधिक सुविधाजनक हैं। हालांकि, उपभोक्ताओं को पहले अपने पुराने सिलेंडर को गैस एजेंसी के माध्यम से कंपोजिट सिलेंडर में बदलना होगा। इसके लिए सुरक्षा जमा राशि में अंतर का भुगतान करना होगा।
फिलहाल यह एक पायलट प्रोजेक्ट है, लेकिन यदि यह सफल रहता है तो भविष्य में देश के अन्य शहरों में भी इस तरह की सुविधाएं शुरू की जा सकती हैं, जिससे गैस वितरण प्रणाली में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।









