सोशल संवाद/डेस्क: भारत बनाम पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले से पहले आधिकारिक प्रसारक Star Sports का नया T20 Promo चर्चा में है। इस अभियान में यूट्यूबर Fukra Insaan को चेहरा बनाया गया, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप 2026: भारत ने नीदरलैंड्स को 17 रनों से हराया
आलोचकों का कहना है कि दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता को हल्के-फुल्के तंज और पुराने आंकड़ों तक सीमित कर देना रचनात्मकता की कमी दर्शाता है। प्रोमो में आईसीसी नॉकआउट मुकाबलों में भारत के 8-1 रिकॉर्ड को मुख्य आधार बनाया गया है। तथ्य सही है, लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि क्या सिर्फ आंकड़े ही इस ऐतिहासिक टक्कर की पूरी कहानी बता सकते हैं?
क्रिकेट इतिहास में 2007 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल का वह आखिरी पल, जब Sreesanth ने कैच पकड़ा और Misbah-ul-Haq का स्कूप शॉट यादगार बन गया, आज भी फैंस के दिलों में जिंदा है। इसी तरह Wasim Akram, Waqar Younis, Javed Miandad, Shoaib Akhtar और Sachin Tendulkar जैसे खिलाड़ियों ने इस प्रतिद्वंद्विता को अलग ऊंचाई दी है।
इतना ही नहीं, दक्षिण अफ्रीका को ‘चोकर्स’ कहकर दिखाए गए एक अन्य विज्ञापन पर भी सवाल उठे हैं। आलोचकों का मानना है कि खेल भावना में सम्मान जरूरी है, क्योंकि हर हार के पीछे भी एक संघर्ष की कहानी होती है। याद दिलाया जा रहा है कि एक समय ‘मौका मौका’ जैसे अभियानों में हल्का व्यंग्य था, लेकिन गरिमा भी थी। मौजूदा प्रोमो पर उठे विवाद ने बहस छेड़ दी है क्या टीआरपी की दौड़ में खेल की असली भावना कहीं पीछे छूट रही है?










