सोशल संवाद / डेस्क : भारतीय रेलवे ने विशेष अभियान 6 (स्पेशल कैंपेन-6) के तहत निर्धारित कई प्रमुख लक्ष्यों को समय से पहले हासिल कर लिया है। 2 अक्टूबर से शुरू हुआ यह अभियान 31 अक्टूबर 2026 को समाप्त होगा। इसके तहत रेलवे ने स्वच्छता, कबाड़ निस्तारण, ई-कचरा प्रबंधन, लंबित मामलों के निपटारे और सरकारी प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर विशेष ध्यान दिया है।
यह भी पढे : Jamshedpur Railway चक्रवाती मौसम और बाढ़ का असर, दक्षिण पूर्व रेलवे ने 11 जोड़ी ट्रेनों को किया रद्द
लंबित मामलों के निपटारे के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान (SCDPM-6) का उद्देश्य सरकारी कामकाज को अधिक व्यवस्थित बनाना, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करना और विभिन्न स्तरों पर लंबित मामलों के समाधान में तेजी लाना है।
देशभर के 5,884 रेलवे स्टेशनों पर रेल जनसंवाद
यात्रियों की समस्याओं और सुझावों को सीधे सुनने के लिए 22 अक्टूबर 2026 को देशभर के 5,884 रेलवे स्टेशनों पर रेल जनसंवाद आयोजित किया गया। इस दौरान यात्रियों से स्टेशन की साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं और रेलवे सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर फीडबैक लिया गया।
रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार ने नई दिल्ली में विभिन्न हितधारकों के साथ संवाद किया। वहीं, प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (DARPG) के सचिव ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
इस पहल का मकसद स्थानीय स्तर पर यात्रियों की समस्याओं की पहचान करना और उनके समाधान के लिए जरूरी कदम उठाना था। यात्रियों से मिले सुझावों के आधार पर स्टेशन की सुविधाओं और सेवा व्यवस्था में सुधार पर जोर दिया गया।
स्वच्छता और कबाड़ निस्तारण पर विशेष ध्यान
विशेष अभियान 6 के तहत रेलवे ने स्टेशनों और कार्यालयों में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने के साथ अनुपयोगी कबाड़ के निस्तारण पर भी ध्यान केंद्रित किया है। इसके अलावा ई-कचरे के उचित प्रबंधन और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल को अभियान का हिस्सा बनाया गया है।
रेलवे का प्रयास है कि अनुपयोगी सामग्री का समय पर निस्तारण हो और कार्यालयों तथा रेलवे परिसरों में साफ-सुथरा वातावरण बना रहे।
लंबित मामलों के निपटारे और प्रक्रिया सरल बनाने पर जोर
अभियान के दौरान विभिन्न विभागों में लंबित मामलों को समयबद्ध तरीके से निपटाने की दिशा में भी काम किया गया। इसके साथ ही सरकारी प्रक्रियाओं को आसान और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया, ताकि कामकाज में तेजी आए और संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके।
रेलवे के अनुसार, अभियान के दौरान अपनाई गई अच्छी कार्यप्रणालियों को आगे भी जारी रखने और हासिल उपलब्धियों को स्थायी रूप देने की योजना है।
31 अक्टूबर को समाप्त होगा अभियान
विशेष अभियान 6 का समापन 31 अक्टूबर 2026 को होगा। इसके बाद रेलवे का जोर अभियान के दौरान हासिल उपलब्धियों को बनाए रखने, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर रहेगा।










