सोशल संवाद / डेस्क : IPL 2027 से पहले मुंबई इंडियंस ने बड़ा ऐलान किया है। टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा एक बार फिर मुंबई इंडियंस की कप्तानी करते नजर आएंगे। फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी आधिकारिक घोषणा की। रोहित शर्मा अब हार्दिक पांड्या की जगह टीम की कमान संभालेंगे। हार्दिक पांड्या ट्रेड के जरिए पंजाब किंग्स में शामिल हो गए हैं। उनकी जगह तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस का हिस्सा बने हैं।
यह भी पढे : क्रुणाल पांड्या की ओर फैन ने फेंका जूता, बाल-बाल बचे बड़ौदा के कप्तान; VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल
रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई ने जीते 5 IPL खिताब
रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के सबसे सफल कप्तान रहे हैं। उनकी कप्तानी में टीम ने पांच बार IPL ट्रॉफी अपने नाम की है। मुंबई इंडियंस ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब जीता था।
रोहित साल 2023 तक मुंबई इंडियंस के कप्तान रहे। इसके बाद IPL 2024 से पहले फ्रेंचाइजी ने हार्दिक पांड्या को कप्तानी सौंप दी थी। अब करीब तीन साल बाद रोहित की दोबारा कप्तानी में वापसी हुई है।
हार्दिक पांड्या ने छोड़ा मुंबई इंडियंस का साथ
IPL 2027 से पहले मुंबई इंडियंस ने बड़ा ट्रेड किया है। हार्दिक पांड्या अब पंजाब किंग्स की टीम में शामिल हो गए हैं। इस ट्रेड में मुंबई इंडियंस को तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मिले हैं।
हार्दिक की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 2024 से 2026 तक कुल 44 मुकाबले खेले। इनमें टीम को 17 मैचों में जीत मिली, जबकि 27 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। इस दौरान टीम एक बार भी फाइनल में नहीं पहुंच सकी।
फैंस को पुराने प्रदर्शन की वापसी की उम्मीद
रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने आईपीएल में अपनी मजबूत पहचान बनाई थी। अब एक बार फिर उनकी वापसी से प्रशंसकों को टीम के अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। आईपीएल 2027 में रोहित के सामने मुंबई को छठी बार चैंपियन बनाने की चुनौती होगी।
IPL 2027: रोहित शर्मा फिर बने मुंबई इंडियंस के कप्तान, हार्दिक पांड्या बाहर











