सोशल संनाद / जमशेदपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत टाटानगर रेलवे स्टेशन से रेलवे की एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। टाटानगर से यशवंतपुर जाने वाली ट्रेन के 3AC कोच (B1) में रेलवे द्वारा एक ही RAC बर्थ/सीट नंबर पर एक महिला और एक पुरुष यात्री का आरक्षण कर दिया गया, जिससे महिला यात्री को भारी असुविधा और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह भी पढे : हत्या पीड़ित परिवारों से मिला झारखंड प्रादेशिक अग्रवाल सम्मेलन, हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा
महिला यात्री ने रेलवे की इस व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि RAC में सीट साझा करनी ही हो, तो प्राथमिकता के आधार पर महिला यात्री के साथ महिला यात्री को ही समायोजित किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि एक अनजान पुरुष यात्री के साथ रातभर यात्रा करना सुरक्षा और निजता, दोनों दृष्टिकोण से चिंता का विषय है।
महिला यात्री ने यह भी सवाल उठाया कि यदि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना या अनहोनी होती है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या ऐसी स्थिति में रेलवे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और तत्काल सहायता उपलब्ध कराने में सक्षम होगा?
इस घटना के बाद रेलवे की यात्री सुरक्षा व्यवस्था और आरक्षण प्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। यात्रियों का कहना है कि रेलवे को विशेष रूप से महिला यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए अपनी आरक्षण प्रक्रिया में आवश्यक सुधार करने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की परिस्थितियां उत्पन्न न हों।
फिलहाल इस मामले को लेकर रेलवे की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।









