सोशल संवाद/डेस्क: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन स्विट्ज़रलैंड के प्रमुख शहर ज्यूरिख पहुंच चुके हैं। यह दौरा झारखंड को वैश्विक निवेश के नक्शे पर मजबूती से स्थापित करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: सरकारी कर्मचारियों के लिए पेश किया गया नया बैंक खाता, मिलेगा करोड़ों का बीमा और सस्ते लोन
मुख्यमंत्री 19 से 21 जनवरी तक Davos में आयोजित होने वाले विश्व आर्थिक मंच यानी वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में हिस्सा लेंगे। इस मंच पर वे झारखंड की निवेश क्षमता, औद्योगिक नीतियों, खनिज संपदा, पर्यटन और सतत विकास से जुड़े विज़न को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और नीति निर्माताओं के सामने रखेंगे।
मुख्यमंत्री के साथ 11 सदस्यीय झारखंड प्रतिनिधिमंडल भी स्विट्ज़रलैंड पहुंचा है, जिसमें राज्य के वरिष्ठ अधिकारी और विभागीय सचिव शामिल हैं। यह टीम वैश्विक कंपनियों से सीधी बातचीत कर राज्य में निवेश और साझेदारी के नए रास्ते तलाशेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी संकेत दिया है कि इस दौरे में पर्यावरण के साथ संतुलन और समावेशी विकास को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि आर्थिक प्रगति के साथ-साथ समाज और प्रकृति दोनों को लाभ मिल सके।
दावोस कार्यक्रम के बाद यह प्रतिनिधिमंडल 21 जनवरी से यूनाइटेड किंगडम के दौरे पर जाएगा। वहां 26 जनवरी तक व्यापार, शिक्षा, कौशल विकास और तकनीकी सहयोग से जुड़े कई अहम कार्यक्रमों में हिस्सा लिया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय यात्रा का मुख्य उद्देश्य झारखंड और भारत को वैश्विक निवेशकों के सामने एक आकर्षक और भरोसेमंद गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करना है, ताकि राज्य में विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकें।










