सोशल संवाद/डेस्क : दावोस में विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने टाटा स्टील के शीर्ष नेतृत्व के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान टाटा स्टील ने झारखंड में न्यू एज ग्रीन स्टील टेक्नोलॉजी के तहत 11,000 करोड़ के निवेश की प्रतिबद्धता दोहराई। इसको लेकर आशय पत्र और सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर में 24 घरों पर गरजेगा बुलडोजर, तोड़े जाएंगे 72 फ्लोर
इस निवेश के अंतर्गत हिरसाना ईज़ी एंड मेल्ट टेक्नोलॉजी में 7,000 करोड़, कॉम्बी मिल परियोजना में 1,500 करोड़ इसके अलावा टिनप्लेट विस्तार प्रोजक्ट में 2,600 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है। ये सभी परियोजनाएं पर्यावरण-अनुकूल ग्रीन स्टील तकनीक पर आधारित होंगी, जिनमें नीदरलैंड और जर्मनी की उन्नत तकनीकों का इस्तेमाल होगा।
सीएम ने कहा कि झारखंड सरकार टिकाऊ औद्योगिक विकास, स्वच्छ तकनीक और स्थानीय रोजगार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
टाटा स्टील के साथ यह साझेदारी राज्य की औद्योगिक क्षमता को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के साथ-साथ हरित औद्योगिक परिवर्तन का अग्रणी राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सीएम ने कहा कि हिताची कंपनी ने विद्युत, उच्च स्तरीय ग्रिडिंग और उन्नत अवसंरचना हेतु निवेश का प्रस्ताव दिया है।
स्वीडन ने भी निवेश में दिखाई रुचि
पिछले वर्ष झारखंड सरकार के स्वीडन के आधिकारिक यात्रा का प्रतिफल भी सामने आया है। स्वीडन ने अर्बन ट्रांसपोर्ट में निवेश को लेकर बात को आगे बढ़ाया है। इसको लेकर स्वीडन और भारत के बीच अप्रैल में संभावित सहयोग और निवेश के लिए राउंडटेबल मीटिंग होगी।
इनके साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा
बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ टाटा स्टील के एमडी एवं सीईओ टीवी नरेंद्रन, स्वीडन इंडिया बिज़नेस काउंसिल की चीफ इंडिया रिप्रेज़ेंटेटिव सुश्री सेसिलिया ओल्डने, वुमन पॉलिटिकल लीडर्स फोरम की अध्यक्ष सिलवाना कोच-मेहरिन, विश्व आर्थिक मंच से विराज मेहता, हिताची इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख भारत कौशल, एवं टेक महिंद्रा के आईएमईए डिवीजन के प्रमुख एवं अध्यक्ष साहिल धवन शामिल हुए।
झारखंड के लिए दावोस में डब्ल्यूईएफ का पहला दिन ऐतिहासिक रहा। टाटा स्टील के साथ झारखंड में न्यू एज ग्रीन स्टील टेक्नोलॉजी के निवेश, स्वीडन इंडिया बिज़नेस काउंसिल के साथ अर्बन मोबिलिटी एवं अन्य क्षेत्रों में निवेश, वुमन पॉलिटिकल लीडर्स फोरम के साथ राज्य में आधी आबादी के राजनीति में नेतृत्व और भागीदारी पर चर्चा हुई। साथ ही हिताची और टेक महिंद्रा के साथ विद्युत एवं आईटी क्षेत्रों में निवेश को लेकर भी सार्थक चर्चा हुई।










