सोशल संवाद / डेस्क : झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राज्य के सरकारी विद्यालयों में आयोजित होने वाली अभिभावक-शिक्षक बैठक (Parent-Teacher Meeting – PTM) का वार्षिक कार्यक्रम जारी कर दिया है। परिषद का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की नियमित समीक्षा करना, अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाना तथा विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना है।
यह भी पढ़े : Jharkhand SIR 2026 : फर्जी दस्तावेज जमा करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई, 30 जून से घर-घर जाएंगे BLO
चार चरणों में होगी PTM
JEPC द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार पूरे शैक्षणिक सत्र में चार बार अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित की जाएगी।
PTM Schedule 2026-27
- पहली PTM: 29 जून से 4 जुलाई 2026 (सुबह 9:00 बजे से 12:00 बजे तक)
- दूसरी PTM: 7 से 12 सितंबर 2026 (सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक)
- तीसरी PTM: 7 से 12 दिसंबर 2026 (सुबह 9:00 बजे से 11:30 बजे तक)
- चौथी PTM: 25 से 30 मार्च 2027 (सुबह 9:00 बजे से 11:30 बजे तक)
बैठक में इन मुद्दों पर होगी चर्चा
PTM के दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई और विद्यालय से जुड़ी कई महत्वपूर्ण विषयों पर अभिभावकों के साथ चर्चा की जाएगी। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं—
- विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की समीक्षा।
- लर्निंग गैप की पहचान एवं उसे दूर करने की रणनीति।
- विद्यालय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना।
- ड्रॉपआउट एवं कम उपस्थिति वाले बच्चों की दोबारा स्कूल से जोड़ने की योजना।
- 5 से 18 वर्ष तक के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना।
- बच्चों की शिक्षा में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाना।
- विद्यालय विकास एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास में अभिभावकों की भूमिका।
- विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC), माता समिति और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता।
आउट ऑफ स्कूल बच्चों के लिए चलेगा विशेष अभियान
JEPC ने बताया कि राज्य के 3,485 उच्च प्राथमिकता वाले विद्यालयों में Out of School Children (OoSC) के लिए विशेष नामांकन अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे का आंगनबाड़ी या विद्यालय में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना है।
प्रचार-प्रसार के लिए मिलेगा बजट
PTM में अधिक से अधिक अभिभावकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक सरकारी विद्यालय को 200 रुपये की राशि प्रचार-प्रसार के लिए स्वीकृत की गई है। यह राशि राज्य के 35,091 सरकारी विद्यालयों को जिलावार आवंटित की गई है।
व्यय का विवरण पोर्टल पर करना होगा अपलोड
JEPC ने सभी विद्यालयों को निर्देश दिया है कि PTM संपन्न होने के बाद खर्च का समायोजन कर उसकी जानकारी निर्धारित समय के भीतर प्रबंध (Prabandh) पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए। इस पहल का उद्देश्य विद्यालय, अभिभावक और समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शत-प्रतिशत नामांकन के लक्ष्य को प्राप्त करना है।










