सोशल संवाद/राँची: Jharkhand में गुरुवार से ठंड और कनकनी में वृद्धि हो गई। सर्द हवा के कारण रांची समेत कई जिलों के न्यूनतम तापमान में एक डिग्री तक की कमी आई है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रांची रहा। यहां राजधानी के आसपास स्थित कांके का तापमान सबसे कम 3.2 डिग्री दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें: बोलानी स्थित सेंट मेरी स्कूल के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम की तैयारी जोरशोर से जारी
गुरुवार की सुबह मैकलुस्कीगंज का न्यूनतम तापमान गिरकर पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि, मौसम विभाग ने प्रदेश के तापमान में वृद्धि का अपडेट दिया है। रांची में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राज्य के अंदर गुमला, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, पलामू समेत 13 जिलों का न्यूनतम तापमान दस डिग्री से नीचे चल रहा है। इन जिलों में कहीं-कहीं शीतलहर का असर रहा। वहीं, प्रदेश के संताल परगना में चौथे दिन भी कुहासा की स्थिति बनी रही।

राज्य में शनिवार से कुहासा के साथ शीतलहर का प्रकोप बढ़ सकता है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और कमी आ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में सर्द हवाओं की रफ्तार में उतार-चढ़ाव होने से तापमान में उतार-चढ़ाव हो रहा है। इस हवा का प्रभाव अभी आनेवाले दिनों में जारी रहेगा।
पिछले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में कमी आयी है। सुबह के दौरान देवघर में घना कुहासा छाया रहा। इस दौरान यहां की दृश्यता 500 मीटर से भी कम रही। संताल के अन्य जिलों में भी अब सुबह में कुहासा गहराने लगा है। 13 दिसंबर से इसमें और वृद्धि होने के आसार हैं।
Jharkhand में कनकनी दूर नहीं होगी
मौसम विभाग के अनुसार, आनेवाले दिनों में ठंड बनी रहेगी। अगले 24 घंटे के बाद न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री की वृद्धि हो सकती है। लेकिन, इससे कनकनी दूर नहीं होगी। सुबह के दौरान कुहासा घना रहेगा और दिन के दस बजे के बाद मौसम साफ रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में सर्द हवाओं के कारण ठंड की स्थिति अभी बनी रहेगी। अगले दो दिनों के दौरान राज्य में सुबह के दौरान कुहासा का प्रकोप बढ़ने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में अगले 24 घंटे के बाद मामूली वृद्धि होने की संभावना है।








