सोशल संवाद / रांची : Jharkhand में ठंड के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर राज्य के मौसम पर पड़ने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के पूर्वानुमान के अनुसार, 20 और 21 नवंबर को राज्य के कई जिलों में बारिश हो सकती है। दक्षिणी झारखंड के कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, राजधानी रांची में भी बादल छाने और हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
यह भी पढे : Tata Steel Job 2026: कर्मचारियों के बच्चों को नौकरी का मौका, SBKY 4.0 लॉन्च
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है चक्रवाती तूफान
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात अकवान बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में सक्रिय है। इसके 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश और यनम तट के बीच से गुजरने का अनुमान है। इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। हालांकि, चक्रवात का सीधा असर झारखंड में होने की संभावना नहीं है, लेकिन इसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में मौसम बदल सकता है।
20 और 21 नवंबर को इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 नवंबर से ही दक्षिणी झारखंड के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा के इलाके शामिल हैं।
20 नवंबर को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें रांची, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रामगढ़, खूंटी, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं।
21 और 22 नवंबर को भी गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
रांची में भी बदलेगा मौसम, तापमान में आएगी गिरावट
राजधानी रांची में 20 और 21 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, रांची का अधिकतम तापमान 27 डिग्री से घटकर करीब 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास बढ़ेगा।
किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह
चक्रवात के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है। किसानों को भी मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखकर खेती से जुड़े काम करने की जरूरत है।
मौसम विभाग के अनुसार, 23 नवंबर से झारखंड में आसमान साफ होने और बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।











