सोशल संवाद / जमशेदपुर : झारखंड की पहली ग्रेन (अनाज) ऑटोमेटिक टेलर मशीन (एटीएम) जमशेदपुर में लगेगी। जमशेदपुर को ही इसके लिए चुना गया है। वर्ल्ड फूड प्रोग्राम के तहत इस एटीएम को लगाया जाना है। जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय के पुराने राज्य खाद्य निगम (एसएफसी) गोदाम में इसे लगाया जाना है।
यह भी पढे : दोमुहानी डंपिंग यार्ड से अक्तूबर से कचरा निष्पादन शुरू होने की उम्मीद
जमशेदपुर के दौरे पर पहुंचे खाद्य एवं उपभोक्ता मामले विभाग के उपसचिव रामकृष्ण कुमार ने इस स्थान का निरीक्षण किया। परंतु इसे लगाने के लिए सबसे जरूरी चीज है पांच किलोवाट का बिजली कनेक्शन। कनेक्शन ले लेने के बाद मशीन को इंस्टॉल कर दिया जाएगा। पूरे राज्य के लिए एक तरह से यह पायलट प्रोजेक्ट है। इसके सुचारू संचालन और सफल होने पर संभव है जिला और राज्य में और जगहों पर इसे इंस्टॉल किया जाएगा। माना जा रहा है कि कम पढ़े-लिखे लोग भी इसे आसानी से संचालित कर सकेंगे। अधिकारियों के अनुसार इसमें कार्ड नंबर डायल करने पर अनाज मिलेगा।
कम अनाज देने की शिकायत होगी दूरः
वर्तमान में अधिकांश डीलरों पर आरोप है कि वे उपभोक्ताओं को कम से कम एक किलो कम अनाज देते हैं, परंतु ग्रेन एटीएम लगने के बाद उपभोक्ताओं की यह शिकायत दूर हो जाने की उम्मीद है। यहां पर चूंकि मशीन काम करेगी, इसलिए तेजी से अनाज वितरण होगा। एक मशीन से एक दिन में सैकड़ों लोग अनाज हासिल कर सकेंगे।
ग्रेन एटीएम से खराब अनाज से भी मिलेगा छुटकारा
ग्रेन एटीएम लगने के बाद से यह उम्मीद की जा रही है कि खराब क्वालिटी के अनाज का वितरण भी बंद हो जाएगा। इसकी वजह यह होगी कि मशीन में खराब या सड़ा हुआ अनाज मिलने पर इसे प्रमाणित करना आसान होगा। अनाज डालने वाले की भी जिम्मेदारी तय हो जाएगी। इस वजह से आम कार्डधारकों के लिए ग्रेन एटीएम काफी उपयोगी साबित हो सकता है।










