सोशल संवाद/डेस्क : आपके बैंक खाते को साइबर फ्रॉड से बचाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक नए सुरक्षा नियम ला रहा है। इसके तहत बैंक के एप में स्टॉप स्विच नाम का एक इमरजेंसी बटन मिलेगा। खाता हैक होने का शक होने पर आप एक क्लिक से पैसे निकलना तुरंत रोक सकेंगे।
यह भी पढे : RBI New Rules 2026: बैंक खाते में आएगा Stop Switch, साइबर ठगी पर लगेगी रोक
इसके अलावा, आप खुद यह तय कर सकेंगे कि दिनभर में कितना पैसा ट्रांसफर हो और बड़े पेमेंट के लिए घर के किसी भरोसेमंद सदस्य की मंजूरी भी अनिवार्य कर सकेंगे। RBI ने इन नियमों पर 14 दिसंबर 2026 तक सुझाव मांगे हैं, जिन्हें 1 जुलाई 2027 से लागू किया जा सकता है।
स्टॉप स्विच क्या है और यह कैसे काम करेगा?
जवाब: यह एक इमरजेंसी बटन जैसा होगा। बैंक अकाउंट, पासवर्ड या डिजिटल पेमेंट हैक होने का शक होने पर आपको बैंक को फोन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसे ऑन करते ही खाते से पैसे निकलना तुरंत बंद हो जाएंगे।
क्या बंद होगा: खाते से हर तरह का नया पेमेंट, नया ऑटो-डेबिट और किसी नए एप पर UPI रजिस्ट्रेशन तुरंत रुक जाएगा।
क्या चालू रहेगा: पूरा खाता फ्रीज नहीं होगा। खाते में पैसे आना, पहले से चल रही लोन EMI, पुराने ऑटो-डेबिट और बैंक चार्ज जारी रहेंगे। आप वेरिफिकेशन पूरा कर इसे दोबारा बंद कर सकेंगे।
क्या ग्राहक पेमेंट लिमिट और टाइमिंग खुद तय कर सकेंगे?
जवाब: अभी बैंक या एप्स की तय लिमिट पर निर्भर रहना पड़ता है, लेकिन नए नियम के बाद आप खुद अपनी पेमेंट लिमिट सेट कर सकेंगे .
अपनी लिमिट तय करें: आप एक बार में, किसी खास व्यक्ति को या दिनभर में भेजे जाने वाले कुल पैसों की सीमा तय कर पाएंगे। जैसे, बैंक की ज्यादा लिमिट होने पर भी आप किसी व्यक्ति के लिए ₹20,000 या किसी एप पर ₹10,000 की रोजाना लिमिट लगा सकते हैं।
पेमेंट का समय भी चुनें: आप यह भी तय कर सकेंगे कि दिन के किस समय कौन-सा पेमेंट चैनल बंद रहेगा। यह नियम डेबिट, क्रेडिट और प्रीपेड कार्ड पर भी लागू होगा।
डिफॉल्ट बंद रहेंगे चैनल: नया खाता खोलने पर डिजिटल पेमेंट सुविधा पहले से बंद रहेगी और आपकी मंजूरी के बाद ही चालू होगी।











