सोशल संवाद / डेस्क : नीट (NEET) परीक्षा में कथित पेपर लीक और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने छात्रों के आंदोलन पर पुलिस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए इसकी कड़ी आलोचना की।
यह भी पढे : जुगसलाई में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण पांच दिनों से ठप, पार्षदों ने नगर परिषद से शीघ्र समाधान की मांग की
विक्टर सोरेन ने कहा कि देश के लाखों युवा मेहनत और संघर्ष के बल पर डॉक्टर बनने का सपना देखते हैं, लेकिन नीट परीक्षा में पेपर लीक और अनियमितताओं की खबरों ने छात्रों के भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा व्यवस्था में गड़बड़ियों के कारण मेहनत करने वाले विद्यार्थियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
जंतर-मंतर प्रदर्शन पर कार्रवाई की निंदा
झामुमो जिलाध्यक्ष ने कहा कि छात्र अपनी मांगों और न्याय की आवाज उठाने के लिए शांतिपूर्ण तरीके से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे थे। ऐसे में उन पर लाठीचार्ज करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को छात्रों की समस्याओं का समाधान करने और दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय आंदोलन कर रहे युवाओं पर कार्रवाई नहीं करनी चाहिए।
पेपर लीक मामले में सख्त कार्रवाई की मांग
विक्टर सोरेन ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने मांग की कि पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि छात्रों का भरोसा परीक्षा प्रणाली में बना रहे।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
झामुमो जिलाध्यक्ष ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो झारखंड समेत देशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।









