सोशल संवाद / डेस्क : JSSC-CGL 2023 परीक्षा पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए CID ने मुख्य आरोपी अनीश कुमार को पटना से गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहे अनीश को अब न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
यह भी पढे : माओवादी मंत्री-विधायकों पर कर सकते हैं हमला, झारखंड पुलिस मुख्यालय ने जिलों के SP को भेजा अलर्ट
जांच एजेंसी के अनुसार, अनीश कुमार को इस पूरे पेपर लीक नेटवर्क का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी से मामले में कई अहम खुलासे हो सकते हैं। CID अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है, ताकि लीक की साजिश, जुड़े लोगों और पैसों के लेन-देन से संबंधित जानकारी सामने आ सके।
इस केस में अब तक एक दर्जन से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि प्रश्नपत्र लीक कैसे हुआ, किन-किन माध्यमों से अभ्यर्थियों तक पहुंचाया गया और इसमें किन अधिकारियों या बाहरी लोगों की भूमिका रही।

गौरतलब है कि JSSC-CGL 2023 परीक्षा पेपर लीक की खबर सामने आने के बाद राज्यभर में अभ्यर्थियों में आक्रोश देखने को मिला था। परीक्षा की पारदर्शिता और चयन प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल उठे थे। CID की कार्रवाई के बाद उम्मीद की जा रही है कि इस मामले की पूरी सच्चाई जल्द सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।










