सोशल संवाद/जमशेदपुर : टाटा स्टील के संस्थापक जेएन टाटा के जन्मदिन (3 मार्च) को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं. संस्थापक दिवस के अवसर पर जुबिली पार्क में होने वाली भव्य लाइटिंग और सजावट कार्य को देखते हुए पार्क को अगले 15 दिनों के लिए बंद करने का निर्णय लिया गया है. धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अर्णव मिश्रा के आदेशानुसार, जुबिली पार्क का मुख्य गेट 21 फरवरी से 7 मार्च तक आम जनता और वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा.

यह भी पढ़ें: प्रेमचंद जी का निधन वंचित समाज का नुकसान : सुधीर कुमार पप्पू
सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया फैसला
जिला प्रशासन और जुस्को प्रबंधन के अनुसार, लाइटिंग और सजावट के दौरान भारी मशीनों और बिजली के तारों का काम चलता है. पर्यटकों की सुरक्षा और काम में किसी तरह का व्यवधान न हो, इसलिए पार्क को बंद रखा जा रहा है. इस दौरान पार्क रोड से गुजरने वाले तमाम दोपहिया, तीन पहिया और चार पहिया वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा. स्पष्ट किया गया है कि इस अवधि में किसी भी बाहरी व्यक्ति को पार्क परिसर के भीतर जाने की अनुमति नहीं होगी.
स्कूली बच्चों और राहगीरों को होगी परेशानी
पार्क का गेट बंद होने से सबसे ज्यादा असर मानगो और साकची से सोनारी व कदमा की ओर जाने वाले लोगों पर पड़ेगा. विशेषकर सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों को अब लंबे वैकल्पिक रास्तों का चक्कर लगाना होगा. बता दें कि इससे पूर्व 25 दिसंबर से 10 जनवरी के बीच भी पिकनिक सीजन को लेकर पार्क में पाबंदियां लगाई गई थीं, लेकिन संस्थापक दिवस की लाइटिंग के लिए इतने लंबे समय तक गेट बंद रखने का यह पहला बड़ा आदेश है.
मॉर्निंग वॉकर्स पर संशय बरकरार
हालांकि, आदेश में पर्यटकों और वाहनों की मनाही है, लेकिन सुबह की सैर करने वाले ‘मॉर्निंग वॉकर्स’ को प्रवेश मिलेगा या नहीं, इस पर जुस्को प्रबंधन ने अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं की है. फिलहाल, 21 फरवरी से इस मार्ग का उपयोग करने वाले शहरवासियों को अन्य डायवर्टेड रास्तों से गुजरना होगा.










