सोशल संवाद / डेस्क : आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित ‘नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट E-20’ कार्यक्रम में केंद्र सरकार की E-20 पेट्रोल नीति पर सवाल उठाए। इस दौरान उन्होंने सरकार से हर पेट्रोल पंप पर शुद्ध पेट्रोल उपलब्ध कराने, E-20 को शुद्ध पेट्रोल से सस्ता करने और पेट्रोल की कीमत 84 रुपये प्रति लीटर से कम करने की मांग की।
यह भी पढे :मुझे और मेरी दिवंगत मां को गालियां दी गईं, लेकिन मैं बच्चों को माफ करना चाहता हूं’ – पीएम मोदी
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि सरकार लोगों को बिना विकल्प दिए E-20 पेट्रोल इस्तेमाल करने के लिए मजबूर कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी नीति को लागू करने से पहले आम जनता की सुविधा और वाहन मालिकों के हितों का ध्यान रखा जाना चाहिए।
सरकार के सामने रखीं तीन प्रमुख मांगें
- टाउनहॉल के दौरान अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं।
- सभी पेट्रोल पंपों पर शुद्ध पेट्रोल और E-20 दोनों का विकल्प उपलब्ध कराया जाए।
- E-20 पेट्रोल की कीमत शुद्ध पेट्रोल से कम रखी जाए।
- देश में पेट्रोल की कीमत 84 रुपये प्रति लीटर से नीचे लाई जाए।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार को E-20 पर भरोसा है तो लोगों को विकल्प दिया जाए और फैसला जनता पर छोड़ दिया जाए।
E-20 नीति पर उठाए सवाल
केजरीवाल ने दावा किया कि E-20 लागू होने के बाद कई वाहन चालकों को माइलेज कम होने और इंजन से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार यदि E-20 को पूरी तरह सुरक्षित बता रही है, तो इस संबंध में उपलब्ध सभी वैज्ञानिक अध्ययन और रिपोर्ट सार्वजनिक करनी चाहिए।उन्होंने यह भी कहा कि इस विषय पर खुली चर्चा और पारदर्शिता जरूरी है।
वाहन खरीदने को लेकर दी सलाह
कार्यक्रम के दौरान केजरीवाल ने लोगों से अपील की कि जब तक E-100 तकनीक वाले वाहन बड़े स्तर पर उपलब्ध नहीं हो जाते, तब तक वाहन खरीदने में सावधानी बरतें। उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों को बेहतर विकल्प बताते हुए लोगों से सोच-समझकर फैसला लेने की सलाह दी।
टाउनहॉल में कई लोगों ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में वाहन उपयोगकर्ताओं, मैकेनिकों और विशेषज्ञों ने भी अपने अनुभव साझा किए। कुछ लोगों ने दावा किया कि E-20 पेट्रोल के इस्तेमाल के बाद उन्हें वाहन के प्रदर्शन, माइलेज और रखरखाव से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ा।आम आदमी पार्टी का कहना है कि कार्यक्रम को ऑनलाइन और ऑफलाइन मिलाकर बड़ी संख्या में लोगों का समर्थन मिला।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
अपने संबोधन में केजरीवाल ने केंद्र सरकार की E-20 नीति, इथेनॉल आयात और पेट्रोल की कीमतों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बिना पर्याप्त तैयारी के इस नीति को लागू कर रही है, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।हालांकि, केंद्र सरकार पहले भी कई मौकों पर E-20 ईंधन को ऊर्जा सुरक्षा, कच्चे तेल के आयात में कमी और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बता चुकी है। E-20 नीति को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच राजनीतिक बहस लगातार जारी है।









