सोशल संवाद /डेस्क : चर्चित शिक्षक और यूट्यूबर फैजल खान उर्फ Khan Sir ने अपने खिलाफ दर्ज मामले में गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) याचिका दायर की है। उनकी ओर से दाखिल इस याचिका पर मंगलवार को सुनवाई होने की संभावना है।
यह भी पढे : Anjana Om Kashyap vs Khan Sir: दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचा विवाद, ₹2 करोड़ की मानहानि याचिका दायर
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, खान सर का नाम हाल ही में उनके कोचिंग संस्थान से जुड़े एक विवाद और फायरिंग मामले में दर्ज एफआईआर में शामिल किया गया है। मामले में पहले उनके दो सुरक्षा गार्डों को हिरासत में लिया गया था, जिन्हें बाद में गिरफ्तार भी किया गया।
क्या है पूरा मामला?
2 जून को पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज संस्थान के बाहर कथित तौर पर पथराव और हंगामे की घटना हुई थी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए कुछ वीडियो में सुरक्षा गार्डों को फायरिंग करते हुए देखा गया, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इस मामले में खान सर का नाम भी एफआईआर में जोड़ा गया।
वकील ने क्या कहा?
खान सर के वकील अरविंद कुमार मउआर ने कहा कि उनके मुवक्किल कोर्ट में आत्मसमर्पण नहीं करेंगे और कानूनी प्रक्रिया के तहत अग्रिम जमानत की मांग करेंगे। वकील का दावा है कि खान सर को साजिश के तहत मामले में फंसाया गया है और उनके खिलाफ कोई प्रत्यक्ष साक्ष्य नहीं है।
पुलिस जांच जारी
पटना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, घटना से जुड़े सभी तथ्यों और वीडियो साक्ष्यों की जांच की जा रही है। वहीं खान सर के समर्थक और छात्र भी मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
मंगलवार को कोर्ट के फैसले पर नजर
अब सभी की निगाहें पटना सिविल कोर्ट पर टिकी हैं, जहां खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई हो सकती है। कोर्ट के फैसले के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि उन्हें मामले में तत्काल राहत मिलती है या नहीं।









