खरगे का भाजपा-आरएसएस पर हमला, बोले- देशद्रोही और धर्मविरोधी ताकतें हैं

By Sharia Nasrah

Published :

Follow
खरगे का भाजपा-आरएसएस पर हमला, बोले- देशद्रोही और धर्मविरोधी ताकतें हैं

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / डेस्क: कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आरोपों पर पलटवार करते हुए भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोला। गोवा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए खरगे ने भाजपा-आरएसएस पर देश की आजादी की लड़ाई में अंग्रेजों का साथ देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को कांग्रेस की देशभक्ति पर सवाल उठाने का कोई अधिकार नहीं है।

यह भी पढ़े : वंदे मातरम विवाद पर भाजपा और कांग्रेस के बीच तकरार

खरगे ने कहा कि जब वह पहली बार विधायक बने थे, उस समय अमित शाह बच्चे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। महात्मा गांधी ने देश की आजादी के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया, जबकि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने लंबे समय तक जेल में रहकर स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान दिया। खरगे ने दावा किया कि इसके विपरीत आरएसएस से जुड़े लोगों ने अंग्रेजों को पत्र लिखकर उनका समर्थन किया था।

उत्तराखंड में मंच के शुद्धिकरण पर भी निशाना

खरगे ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में अपनी जनसभा के बाद मंच के शुद्धिकरण किए जाने को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर किसी नेता के मंच पर आने के बाद उसका शुद्धिकरण किया जाता है, तो यह भाजपा की सोच को दिखाता है। खरगे ने भाजपा को धर्मविरोधी बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी समाज में नफरत और आपसी विवाद बढ़ाने का काम करती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा देश को तोड़ने और समाज में तनाव पैदा करने की राजनीति करती है। खरगे ने सवाल उठाया कि क्या भाजपा को उसके नेताओं और गुरुओं ने यही राजनीति सिखाई है।

गोवा सरकार पर भी साधा निशाना

गोवा की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए खरगे ने उसे ‘चोरों की सरकार’ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता ने जिन कांग्रेस विधायकों को चुनाव जिताया, उन्हें भाजपा ने अपने साथ मिला लिया। भाजपा में शामिल होने वाले कांग्रेस विधायकों को खरगे ने ‘गद्दार’ और ‘भगोड़ा’ करार दिया।

खरगे ने दावा किया कि आगामी गोवा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव की तैयारी करने की अपील की।

बेरोजगारी और महंगाई को लेकर मोदी सरकार पर हमला

कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने नोटबंदी का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण रोजगार के अवसर प्रभावित हुए और देश में बेरोजगारी बढ़ी।

खरगे ने राहुल गांधी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी युवाओं, छात्रों, दलितों, पिछड़ों और आम जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उनके मुताबिक भाजपा में राहुल गांधी जैसी आवाज उठाने वाला कोई नेता नहीं है।

कांग्रेस की सरकार बनने पर किए कई वादे

खरगे ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से गोवा की जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर गोवा में कांग्रेस की सरकार बनती है तो महंगाई कम करने, बेरोजगारी दूर करने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा और नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भी वादा किया।

जनसभा में गोवा कांग्रेस प्रभारी माणिक राव ठाकरे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश चोडणकर, सीएलपी नेता यूरी अलेमाओ, कर्नाटक के मंत्री नरेंद्र स्वामी, मंजूनाथ भंडारी, अंजली निंबालकर, सांसद कैप्टन विरियाटो फर्नांडीस और एडुआर्डो फलेरो समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

संबंधित पोस्ट

Exit mobile version