सोशल संवाद/डेस्क: कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर और ईवीएम के जरिए लोगों के मतदान के अधिकार को प्रभावित किया जा रहा है। खरगे ने कहा कि जब तक मोदी और ज्ञानेश कुमार अपने पदों पर रहेंगे, तब तक देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं हैं।
यह भी पढे : झारखंड में खदानें बंद रहने पर मधु कोड़ा का हेमंत सरकार पर हमला, SIR को लेकर भी लगाए आरोप
खरगे गुरुवार, 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित ‘संविधान रक्षा मार्च’ के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए विपक्षी दलों से एकजुट होकर काम करने की अपील की।
एसआईआर के जरिए वोट काटने का लगाया आरोप
खरगे ने आरोप लगाया कि एसआईआर के माध्यम से दलितों, महिलाओं, गरीबों और वंचित वर्गों के मतदान के अधिकार को छीना जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी नागरिक का वोट काटने की कोशिश हुई तो लोग अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाएंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष ने 2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि जनता ने संविधान और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए मतदान किया था। उन्होंने उत्तर प्रदेश की जनता का आभार जताते हुए कहा कि राज्य में भाजपा की सीटें कम होने के कारण केंद्र में पार्टी बहुमत से दूर रह गई।
महंगाई, बेरोजगारी और श्रम कानूनों पर सरकार को घेरा
खरगे ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों, महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कंपनियों को टैक्स में छूट और अन्य सुविधाएं मिलने के बावजूद निवेश, रोजगार और वेतन में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हो रही है।
उन्होंने न्यूनतम मजदूरी का कानून बनाने की मांग करते हुए चार श्रम संहिताओं को श्रमिकों के हितों के खिलाफ बताया। साथ ही अग्निवीर योजना को लेकर भी केंद्र सरकार की आलोचना की।
भाजपा और आरएसएस पर संविधान को कमजोर करने का आरोप
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस शुरू से संविधान के विचारों के खिलाफ रहे हैं और पिछले 12 वर्षों में संवैधानिक संस्थाओं तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया गया है।
उन्होंने संसद में डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान का भी उल्लेख किया। खरगे ने स्वतंत्रता आंदोलन में आरएसएस की भूमिका पर सवाल उठाए और कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने आजादी के लिए जेल की यातनाएं सही थीं।
अंबेडकर को संविधान सभा में भेजने का किया जिक्र
खरगे ने संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव अंबेडकर की भूमिका को याद किया। उन्होंने कहा कि विभाजन के बाद बंगाल से अंबेडकर की संविधान सभा की सदस्यता समाप्त हो गई थी। इसके बाद कांग्रेस ने उन्हें बॉम्बे की रिक्त सीट से संविधान सभा में भेजा और प्रारूप समिति का अध्यक्ष बनाया।
विपक्षी एकजुटता पर दिया जोर
खरगे ने भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए विपक्षी गठबंधन को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी दलों को अहंकार छोड़कर एकजुट होकर काम करना होगा। गठबंधन के नेताओं को ऐसी बयानबाजी से बचना चाहिए, जिससे एकता प्रभावित हो।
उन्होंने उत्तर प्रदेश की जनता से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने की अपील की। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा, सांसद इमरान मसूद, प्रमोद तिवारी, किशोरी लाल शर्मा, उज्ज्वल रमण सिंह, सुप्रिया श्रीनेत और अजय राय समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।











