सोशल संवाद / डेस्क : भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में केएल राहुल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक राहुल 52 रन बनाकर नाबाद रहे। इस अर्धशतकीय पारी के साथ ही उन्होंने ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जो भारतीय टेस्ट क्रिकेट के दिग्गज ओपनर वीरेंद्र सहवाग भी अपने करियर में नहीं बना सके थे।
यह भी पढ़े : MS Dhoni Retirement: धोनी के संन्यास का खुला राज, Rupa Gurunath ने सुनाया किस्सा
SENA देशों में अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में 50 रन का आंकड़ा पार करते ही केएल राहुल SENA देशों में टेस्ट अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर बन गए हैं। SENA देशों में साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं।
राहुल इससे पहले ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका की धरती पर टेस्ट शतक लगा चुके हैं। अब न्यूजीलैंड के खिलाफ अर्धशतक जड़कर उन्होंने चारों SENA देशों में 50 से ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
वीरेंद्र सहवाग भी नहीं बना पाए थे यह रिकॉर्ड
भारतीय क्रिकेट के पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग भी अपने टेस्ट करियर में बतौर सलामी बल्लेबाज यह उपलब्धि हासिल नहीं कर पाए थे। सहवाग ने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड में टेस्ट शतक लगाए थे। साउथ अफ्रीका में भी उनके नाम शतक है, लेकिन वह पारी उन्होंने ओपनिंग करते हुए नहीं खेली थी। वहीं, न्यूजीलैंड की धरती पर सहवाग टेस्ट में अर्धशतक भी नहीं लगा सके थे। ऐसे में राहुल की यह उपलब्धि भारतीय टेस्ट क्रिकेट के लिहाज से खास बन गई है।
सुनील गावस्कर से आगे निकलने का मौका
SENA देशों में 50 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले एशियाई टेस्ट ओपनर्स की सूची में भी केएल राहुल ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। वह अब तक इन देशों में 13 बार 50 से ज्यादा रन बना चुके हैं।
इस मामले में उनसे आगे सिर्फ पूर्व भारतीय ओपनर सुनील गावस्कर हैं, जिन्होंने SENA देशों में 19 बार 50 से ज्यादा रन की पारियां खेली हैं। राहुल ने श्रीलंका के दमुथ करुणारत्ने को पीछे छोड़ दिया है, जिनके नाम 12 ऐसी पारियां दर्ज हैं।
तीसरे दिन शतक लगाकर बना सकते हैं एक और रिकॉर्ड
टेस्ट के दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक केएल राहुल 116 गेंदों पर 52 रन बनाकर नाबाद थे। उनकी पारी में पांच चौके शामिल रहे। अब तीसरे दिन राहुल के पास एक और बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा।
अगर वह न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक पूरा कर लेते हैं, तो चारों SENA देशों में टेस्ट शतक लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर बन जाएंगे। फिलहाल वह इस उपलब्धि से 48 रन दूर हैं। ऐसे में तीसरे दिन सभी की नजरें राहुल की बल्लेबाजी पर रहेंगी।











