सोशल संवाद / डेस्क : भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले अनऑफिशियल टेस्ट मैच में बेहद अजीब तरीके से आउट हो गए। दूसरी पारी में गेंद को स्टंप पर लगने से बचाने की कोशिश में राहुल का बल्ला विकेट से टकरा गया और उन्हें हिट विकेट आउट करार दिया गया। उनके आउट होने का यह अनोखा अंदाज क्रिकेट प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
यह भी पढ़े : विराट कोहली ने नहीं दिया जवाब? अमित मिश्रा का टीम इंडिया में वापसी पर बड़ा खुलासा
गेंद रोकने की कोशिश में गंवाया विकेट
भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच मुकाबले में राहुल दूसरी पारी में बल्लेबाजी कर रहे थे। न्यूजीलैंड के गेंदबाज फ्रेजर शीट की गेंद उनके बल्ले से लगकर वापस स्टंप की ओर जाने लगी। राहुल ने गेंद को विकेट से टकराने से रोकने के लिए बल्ला आगे बढ़ाया, लेकिन इसी दौरान उनका बल्ला ऑफ स्टंप से टकरा गया और गिल्लियां गिर गईं।
रीप्ले में साफ हुआ कि गेंद सीधे स्टंप पर नहीं लगने वाली थी। राहुल के बल्ले से विकेट गिरने के कारण उन्हें हिट विकेट आउट दिया गया। वह 15 गेंदों पर चार रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
पहली पारी में भी नहीं खोल पाए थे खाता
केएल राहुल के लिए यह मुकाबला निराशाजनक रहा। पहली पारी में वह आठ गेंद खेलने के बाद बिना खाता खोले आउट हो गए थे। दूसरी पारी में भी वह बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। न्यूजीलैंड ए के गेंदबाज फ्रेजर शीट ने उन्हें दोनों पारियों में आउट किया।
न्यूजीलैंड ए ने बनाई 204 रन की बढ़त
मुकाबले में न्यूजीलैंड ए ने पहली पारी में 317 रन बनाए थे, जबकि भारत ए की टीम पहली पारी में 113 रन पर सिमट गई थी। इस तरह न्यूजीलैंड ए को 204 रन की बढ़त मिली। दूसरी पारी में देवदत्त पडिक्कल और साई सुदर्शन ने पारी संभालने की कोशिश की। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ए ने दो विकेट पर 106 रन बनाए थे।
केएल राहुल के इस अजीबोगरीब तरीके से आउट होने का वीडियो क्रिकेट प्रशंसकों के बीच चर्चा में है। उनके लिए यह मुकाबला व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिहाज से यादगार नहीं रहा।










