सोशल संवाद / डेस्क :कुलदीप यादव ने शुक्रवार को इंग्लैंड में घरेलू लिस्ट ए टूर्नामेंट वन-डे कप में यॉर्कशायर के लिए ग्लेमोर्गन के खिलाफ शानदार डेब्यू किया। उन्होंने 39 रन देकर 2 विकेट लिए। बाएं हाथ के इस चाइना मैन गेंदबाज को पहले नौ ओवर में कोई विकेट नहीं मिला था, लेकिन उन्होंने आखिरी ओवर में तीन गेंदों में दो विकेट झटक लिए। कुलदीप ने 44वां ओवर फेंकते हुए पहली गेंद पर एलेक्स हॉर्टन को आउट किया। दो गेंद बाद जेमी मैक्लरॉय को आउट किया।

यॉर्कशायर ने दाएं हाथ के मीडियम पेसर बेंजामिन क्लिफ के 29 रन देकर चार विकेट की मदद से ग्लेमोर्गन को सिर्फ 186 रन पर रोक दिया। कुलदीप ने बल्ले से भी 12 रन बनाए और उनकी टीम ने दो विकेट से मैच जीत लिया। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में बल्ले से शानदार प्रदर्शन करने वाले आशुतोष शर्मा ने काउंटी में गेंद से धाक जमाई है। आशुतोष ने मिडिलसेक्स के खिलाफ हैम्पशायर के लिए 4 विकेट झटके।
आशुतोष का गेंद से जलवा
आशुतोष ने 22वें ओवर में नाथन फर्नांडिस को 45 रन पर आउट करके शतकीय साझेदारी तोड़ी। फिर डेथ ओवरों में गेंदबाजी करने के लिए आए और आखिरी चार विकेटों में से तीन विकेट लिए। उन्होंने 9 ओवर में 45 रन देकर 4 विकेट झटके। इससे हैम्पशायर ने मिडलसेक्स को 50 ओवर में 8 विकेट पर 284 रन पर रोक दिया।
युजवेंद्र चहल ने झटके 2 विकेट
यॉर्कशायर के खिलाफ पिछले मैच में भी आशुतोष ने 9 ओवर फेंके थे और सिर्फ 48 रन दिए थे। उन्होंने यॉर्कशायर के खिलाफ अपने वन-डे कप डेब्यू में तीन विकेट लिए थे। भारतीय टीम से लंबे समय से बाहर चल रहे युजवेंद्र चहल ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने नॉर्थम्पटनशायर के लिए दो विकेट लिए, लेकिन उनकी टीम केंट से पांच विकेट से हार गई।
वेस्टइंडीज सीरीज के लिए भारत का संभावित वनडे स्क्वाड
भारतीय टीम 27 सितंबर से 3 अक्टूबर तक तीन मैचों की वनडे सीरीज वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेगी। इसी दौरान एशियाई खेलों में पुरुष क्रिकेट होगा। ऐसे में भारतीय वनडे स्क्वाड में कई बदलाव की संभावना है। देखें इस सीरीज के लिए संभावित वनडे स्क्वाड।









