सोशल संवाद/डेस्क: देश के चर्चित ‘Land for Job’ मामले में आज राजधानी दिल्ली की अदालत में अहम सुनवाई हुई, जहां बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने अपने ऊपर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को साफ तौर पर नकार दिया।
यह भी पढ़ें: मुस्लिम समुदाय की हथेली पर खड़ा होकर ऊंचा दिखते हैं बन्ना
सुनवाई के दौरान अदालत ने दोनों नेताओं से पूछा कि क्या वे आरोप स्वीकार करते हैं। इस पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे निर्दोष हैं और मुकदमे का सामना करेंगे। दिल्ली की राउस एवेन्यू कोर्ट में कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों नेता पेश हुए। अदालत की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्होंने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए और वहां से रवाना हो गए।
जांच एजेंसी केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) का आरोप है कि रेल मंत्री रहते हुए 2004 से 2009 के बीच रेलवे में ग्रुप-डी की नौकरियों के बदले जमीन ली गई। एजेंसी का दावा है कि जमीनें कम कीमत पर परिवार या उनसे जुड़ी कंपनियों के नाम ट्रांसफर कराई गईं और भर्ती प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी हुई।
इस मामले में परिवार के अन्य सदस्यों के नाम भी चार्जशीट में शामिल हैं, जिनमें आरजेडी नेता तेजस्वी यादव का नाम भी सामने आ चुका है। हालांकि यादव परिवार लगातार इन आरोपों को राजनीतिक साजिश बताता रहा है।
अब अदालत में गवाहों के बयान और सबूतों की जांच के साथ नियमित ट्रायल आगे बढ़ेगा। राजनीतिक हलकों में इस मामले को काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसका असर कानूनी के साथ-साथ सियासी समीकरणों पर भी पड़ सकता है।










