सोशल संवाद / डेस्क : झारखंड के चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रेन के अंदर पावर बैंक फटने की घटना के बाद रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अहम कदम उठाया है। नए निर्देश के अनुसार, रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ट्रेनों के सभी कोच में लगे मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रखे जाएंगे। यह फैसला बंडामुंडा के पास मुंबई-हावड़ा मेल के एसी कोच में पावर बैंक फटने की घटना के बाद लिया गया है।
यह भी पढ़े : बेटे की शादी के लिए रातों-रात सरकारी भवन पर चला दी JCB! पूर्व मंत्री योगेंद्र साव फिर विवादों में
मुंबई-हावड़ा मेल में कैसे हुई घटना?
जानकारी के मुताबिक, शनिवार तड़के मुंबई-हावड़ा मेल में एक यात्री ने पावर बैंक को चार्जिंग पॉइंट से जोड़ रखा था। इसी दौरान पावर बैंक फट गया, जिससे कोच में धुआं फैल गया और फायर अलार्म बज उठा। घटना के बाद ट्रेन को बंडामुंडा के पास करीब 15 मिनट तक रोकना पड़ा। रेलवे कर्मचारियों ने स्थिति को संभाला, जिसके बाद ट्रेन ने आगे का सफर शुरू किया। रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
रात में बंद रहेंगे चार्जिंग पॉइंट
घटना के बाद चक्रधरपुर रेल मंडल ने रात के समय चार्जिंग पॉइंट बंद रखने का निर्देश जारी किया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य चौधरी के अनुसार, संबंधित स्टेशनों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रखने का उद्देश्य ऐसी घटनाओं की आशंका को कम करना और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
ट्रेन में सफर करते समय इन बातों का रखें ध्यान
लंबी दूरी की यात्रा के दौरान मोबाइल या पावर बैंक चार्ज करते समय सावधानी बरतना जरूरी है। यात्रियों को खराब या क्षतिग्रस्त पावर बैंक और चार्जर का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को लंबे समय तक बिना निगरानी चार्जिंग पर छोड़ने से भी बचना चाहिए। किसी उपकरण के असामान्य रूप से गर्म होने, धुआं निकलने या जलने की गंध आने पर तुरंत ट्रेन स्टाफ को सूचना दें।
रेलवे का यह कदम ट्रेन में रात के समय इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की चार्जिंग से जुड़े जोखिम को कम करने के उद्देश्य से उठाया गया है।










