सोशल संवाद / जमशेदपुर: श्रावणी मेले में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भारतीय रेलवे ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी (नागपुर) मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन राउरकेला, हटिया (रांची), बोकारो और धनबाद जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
यह भी पढे : एमजीएम : जलापूर्ति योजना का ट्रायल सफल
5 फेरे लगाएगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 08895 प्रत्येक शनिवार (1 अगस्त से 29 अगस्त 2026) तक इतवारी से मधुपुर के लिए रवाना होगी। वहीं ट्रेन संख्या 08896 प्रत्येक रविवार (2 अगस्त से 30 अगस्त 2026) तक मधुपुर से इतवारी के लिए संचालित होगी। कुल मिलाकर यह ट्रेन दोनों दिशाओं में 5-5 ट्रिप लगाएगी।
राउरकेला और रांची के यात्रियों को मिलेगा फायदा
यह विशेष ट्रेन राउरकेला, बानो, हटिया (रांची), मुरी, बोकारो स्टील सिटी, चंद्रपुरा, धनबाद और चित्तरंजन समेत कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी। इससे बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा में काफी सुविधा मिलेगी।
20 कोच के साथ चलेगी ट्रेन
रेलवे ने बताया कि इस स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे। इनमें 4 एसी थ्री टियर, 10 स्लीपर, 4 जनरल और 2 एसएलआरडी (गार्ड एवं लगेज) कोच शामिल किए गए हैं, ताकि श्रावणी मेले के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को आसानी से संभाला जा सके।
यात्रियों से रेलवे की अपील
रेलवे ने श्रद्धालुओं से यात्रा से पहले ट्रेन का समय, सीट उपलब्धता और आरक्षण की जानकारी आधिकारिक रेलवे पोर्टल या NTES के माध्यम से जांचने की अपील की है, ताकि यात्रा सुगम और सुविधाजनक रहे।









