सोशल संवाद/रांची: झारखंड हाईकोर्ट ने नाबालिगों की जमानत को लेकर अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि केवल अपराध की गंभीरता या नाबालिग की उम्र 16 साल से अधिक होने के आधार पर जमानत देने से इनकार नहीं किया जा सकता। इसी टिप्पणी के साथ हाईकोर्ट ने गिरिडीह के 17 वर्षीय नाबालिग को जमानत दे दी और किशोर न्याय बोर्ड तथा चिल्ड्रेन कोर्ट के जमानत खारिज करने वाले आदेशों को रद्द कर दिया।
यह भी पढे : झारखंड में SIR पर उठे सवाल, मतदाता सूची संशोधन में 15 तरह की समस्याएं आईं सामने
17 फरवरी से रिमांड होम में था नाबालिग
मामला गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र का है। नाबालिग के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोप था कि उसने पीड़िता की तस्वीर एडिट कर उसे धमकी दी थी।
गिरिडीह के किशोर न्याय बोर्ड ने 6 अप्रैल 2026 को उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद चिल्ड्रेन कोर्ट ने भी राहत देने से इनकार कर दिया। इसके बाद नाबालिग के पिता ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की। नाबालिग 17 फरवरी 2026 से रिमांड होम में बंद था।
किशोर न्याय अधिनियम की धारा 12 का दिया हवाला
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 12 का उल्लेख किया। अदालत ने कहा कि नाबालिग को जमानत देने से इनकार केवल तीन परिस्थितियों में किया जा सकता है।
- रिहाई के बाद नाबालिग के किसी ज्ञात अपराधी के संपर्क में आने की आशंका हो।
- उसके नैतिक, शारीरिक या मानसिक स्वास्थ्य को खतरा होने की संभावना हो।
- उसकी रिहाई से न्याय का उद्देश्य विफल होने की आशंका हो।
अदालत के अनुसार, इन आशंकाओं के समर्थन में ठोस आधार होना जरूरी है। केवल आरोपों की गंभीरता के आधार पर जमानत खारिज नहीं की जा सकती।
चार शर्तों के साथ मिली जमानत
हाईकोर्ट ने निचली अदालतों के आदेश रद्द करते हुए नाबालिग को कुछ शर्तों के साथ जमानत देने का निर्देश दिया। इसमें पिता को उसके अच्छे आचरण और पढ़ाई जारी रखने की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही नाबालिग और उसके पिता को हर महीने प्रोबेशन अधिकारी के सामने उपस्थित होना होगा। प्रोबेशन अधिकारी उसकी गतिविधियों पर नजर रखेंगे और नियमित सामाजिक जांच रिपोर्ट तैयार करेंगे।
इस फैसले में हाईकोर्ट ने साफ किया कि किशोर न्याय कानून का उद्देश्य नाबालिगों को दंडित करने के बजाय उनका सुधार और पुनर्वास करना है।











