सोशल संवाद / जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव के तहत वार्ड नंबर 33 से वार्ड सदस्य पद के प्रत्याशी शीतल कुमार रजक (36 वर्ष) का मंगलवार सुबह हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

यह भी पढ़े : एमजीएम अस्पताल में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र में लापरवाही, दो क्लर्कों के वेतन पर रोक
शीतल कुमार रजक उलीडीह थाना अंतर्गत रामकृष्ण कॉलोनी के निवासी थे और जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में सक्रिय सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में पहचाने जाते थे। वे अपने पीछे पत्नी विजया भारती रजक और पुत्री शिवांगी रजक को छोड़ गए हैं।
सोते समय आया हार्ट अटैक, अस्पताल में किया गया मृत घोषित
परिजनों के अनुसार, शीतल सोमवार रात अपने कमरे में सोने गए थे। मंगलवार सुबह देर तक नहीं उठने पर पत्नी ने उन्हें जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई और उन्हें तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में हार्ट अटैक को मौत का कारण बताया है।
स्टील ट्रेडिंग का करते थे व्यवसाय, नहीं थी कोई गंभीर बीमारी
शीतल कुमार रजक पेशे से स्टील ट्रेडिंग का व्यवसाय करते थे। उन्होंने हाल ही में वार्ड सदस्य पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था और चुनाव प्रचार में सक्रिय रूप से जुटे हुए थे। उनके भाई ने बताया कि शीतल को पहले से कोई गंभीर बीमारी नहीं थी और वे किसी नियमित दवा का सेवन भी नहीं करते थे। वे एक स्वस्थ जीवनशैली जी रहे थे, जिससे उनका अचानक निधन परिवार और समर्थकों के लिए बड़ा झटका साबित हुआ।
स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
घटना के बाद पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज जमशेदपुर भेजा गया। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शाम को भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में परिजन, स्थानीय लोग और राजनीतिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
चुनाव प्रक्रिया पर पड़ा असर, आयोग से मांगा गया मार्गदर्शन
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मामले की जानकारी राज्य चुनाव आयोग को रिपोर्ट के माध्यम से भेज दी गई है। आयोग से मार्गदर्शन मांगा गया है कि वार्ड संख्या 33 का चुनाव स्थगित किया जाएगा या आगे की प्रक्रिया कैसे संचालित होगी। आयोग के निर्देश मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
राजनीतिक गलियारों में छाया सन्नाटा
चुनाव प्रचार के बीच एक प्रत्याशी के इस तरह असमय निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शीतल कुमार रजक एक मिलनसार और कर्मठ व्यक्ति थे, जिन्होंने कम समय में क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनके असमय निधन से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है।










