सोशल संवाद / नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के आधिकारिक शुभंकर ‘मयूर’ का अनावरण किया। इस अवसर पर चैंपियनशिप का आधिकारिक ट्रेलर भी लॉन्च किया गया। राजधानी के द ललित होटल में आयोजित समारोह में खेल जगत की कई प्रमुख हस्तियों, खिलाड़ियों, विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।

यह भी पढे : CJP को लेकर भाजपा का AAP पर हमला, हर्ष मल्होत्रा बोले- युवाओं को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं अरविंद केजरीवाल
‘मयूर’ देगा एकता और खेल भावना का संदेश
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आधिकारिक शुभंकर ‘मयूर’ भारत के राष्ट्रीय पक्षी से प्रेरित है, जो ऊर्जा, उत्साह, सकारात्मकता और जीवंतता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि शुभंकर के पंखों में प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी देशों के राष्ट्रीय ध्वजों को कलात्मक रूप से दर्शाया गया है, जो ‘वसुधैव कुटुंबकम’ और वैश्विक खेल भावना का संदेश देता है।
दिल्ली बनेगी वैश्विक खेलों का प्रमुख केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप की मेजबानी मिलना दिल्ली के लिए गर्व की बात है। यह राजधानी की आधुनिक खेल अवसंरचना, बेहतर आयोजन क्षमता और खेलों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली पहले भी एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों जैसे बड़े आयोजनों की सफल मेजबानी कर चुकी है। सरकार का लक्ष्य युवाओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना और दिल्ली को देश की ‘स्पोर्ट्स कैपिटल’ के रूप में स्थापित करना है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि भारतीय खिलाड़ी घरेलू मैदान का लाभ उठाते हुए शानदार प्रदर्शन करेंगे और देश का गौरव बढ़ाएंगे। उन्होंने आयोजन समिति, खेल विभाग, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया, स्वयंसेवकों और सभी सहयोगी संस्थाओं को सफल तैयारियों के लिए बधाई भी दी।
27 जुलाई से शुरू होगी सात दिवसीय प्रतियोगिता
22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 27 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में किया जाएगा। सात दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में कॉमनवेल्थ के 25 से अधिक देशों के शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता में इंग्लैंड, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, नाइजीरिया, सिंगापुर, स्कॉटलैंड, वेल्स, दक्षिण अफ्रीका, मलेशिया, माल्टा, बोत्सवाना, जमैका, केन्या और त्रिनिदाद एवं टोबैगो समेत कई देशों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। फाइनल मुकाबले 2 अगस्त को खेले जाएंगे।
खेलों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की तैयारी
समारोह में दिल्ली के शिक्षा एवं खेल मंत्री आशीष सूद ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में दिल्ली सरकार खेलों को लगातार बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि राजधानी भविष्य में कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, विश्व चैंपियनशिप और अन्य बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए खुद को तैयार कर रही है।
उन्होंने बताया कि सरकार खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करेगी। इन केंद्रों में तैराकी, एथलेटिक्स, कुश्ती और टेबल टेनिस सहित विभिन्न खेलों के लिए विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इनका उद्देश्य खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना और दिल्ली में मजबूत खेल पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करना है।
खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का किया स्वागत
कार्यक्रम में टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया, कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन के पदाधिकारियों, विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों की उपस्थिति रही। आयोजन समिति ने उम्मीद जताई कि यह चैंपियनशिप न केवल भारत में टेबल टेनिस को नई पहचान देगी, बल्कि दिल्ली की वैश्विक खेल आयोजनों की मेजबानी क्षमता को भी और मजबूत करेगी।










