सोशल संवाद / नई दिल्ली : नई दिल्ली नगर निगम (MCD) अवैध निर्माण और नियमों का उल्लंघन करने वाली इमारतों के खिलाफ एक्शन मोड में आ गया है. पूर्वी दिल्ली जोन में बुधवार को लक्ष्मी नगर, न्यू अशोक नगर लक्ष्मी नगर और पांडव नगर में कार्रवाई की गई. इसके साथ ही गीता कॉलोनी के ब्लॉक-2 में डेंजर घोषित की गई चार मंजिला इमारत को गिराने की कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़े : सत्य निकेतन में पीजी संचालकों को भाजपा विधायक अनिल शर्मा का संरक्षण- संजीव झा
पूर्वी दिल्ली जोन के MCD जोन चेयरमैन यशपाल सिंह केंतुरा के निर्देश पर EE (Bldg.)-II, ईस्ट जोन की ओर से 9 सितंबर के लिए एक्शन प्लान जारी किया गया था. इसके तहत वार्ड संख्या 203 लक्ष्मी नगर में अवैध निर्माण के खिलाफ डिमोलिशन और सीलिंग की कार्रवाई की गई. मौके पर बिल्डिंग के अवैध हिस्से को तोड़ने की कार्रवाई की जा रही है.
वहीं वार्ड संख्या 190 न्यू अशोक नगर में सीलिंग की कार्रवाई की गई है. जबकि वार्ड संख्या 200 पांडव नगर और लक्ष्मी नगर 203 में अवैध निर्माण के खिलाफ डिमोलिशन की कार्रवाई की जा रही है. यहां अवैध रूप से बनाए गए हिस्से को तोड़ा जा रहा है. इसी अभियान के तहत गीता कॉलोनी के ब्लॉक-2 में डेंजर घोषित की गई चार मंजिला इमारत को गिराने की कार्रवाई भी चल रही है. निगम की ओर से इस इमारत को असुरक्षित घोषित किया गया था. आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इमारत को हटाने की कार्रवाई की जा रही है.
पूर्वी दिल्ली जोन के चेयरमैन यशपाल सिंह केंतुरा ने बताया कि MCD ने इन इलाकों में संचालित हो रहे PG और हॉस्टलों की जांच के लिए चार जूनियर इंजीनियरों की टीम भी तैनात की है. यह टीम PG से जुड़े नियमों, भवन की स्थिति और आवश्यक अनुमतियों की जांच करेगी.
उन्होंने बताया कि सत्य निकेतन हादसे के बाद अवैध निर्माण और नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे PG को लेकर निगरानी बढ़ाई गई है. सभी जोन में ऐसे निर्माण और प्रतिष्ठानों की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, जहां सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है. पूर्वी दिल्ली में एक ही दिन में तीन वार्डों में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई और गीता कॉलोनी में असुरक्षित घोषित इमारत को गिराने की कार्रवाई को निगम की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है.










