सोशल संवाद / जमशेदपुर : स्वास्थ्य विभाग एमजीएम अस्पताल को आइसीयू का रीजनल ट्रेनिंग हब बनाने की तैयारी में है. यहां इंटेंसिव केयर यूनिट (आइसीयू) बेसिक और एडवांस प्रशिक्षण केंद्र विकसित किया जायेगा. इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को आवश्यक निर्देश जारी किया है.
यह भी पढे : मुख्यमंत्री अबुआ आवास योजना पर 4400 करोड़ खर्च करेगी झारखंड सरकार, इतने लाख आवास निर्माणाधीन
इसके साथ ही एमजीएम अस्पताल में तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं. प्रशिक्षण का उद्देश्य पूरे कोल्हान क्षेत्र में कार्यरत चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को गंभीर मरीजों के उपचार की उन्नत तकनीकों में दक्ष बनाना है. इसके तहत जिला अस्पतालों, अनुमंडल अस्पतालों और अन्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया जायेगा.
मरीजों को समय पर मिलेगी बेहतर चिकित्सा
एमजीएम अस्पताल के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार ने बताया कि विकसित आइसीयू प्रशिक्षण केंद्र बनने से सरकारी अस्पतालों में गंभीर रोगियों के उपचार में उल्लेखनीय सुधार होगा. हार्ट अटैक, स्ट्रोक, मल्टी ऑर्गन फेल्योर और दुर्घटना के मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा मिल सकेगी.









