Microsoft 365 Outage: Outlook, Teams और Copilot ठप, लाखों यूजर्स परेशान

By Tamishree Mukherjee

Published :

Follow
Microsoft 365 Outage

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / डेस्क : दुनियाभर में Microsoft की सेवाओं में आई तकनीकी खराबी ने लाखों यूजर्स की परेशानी बढ़ा दी। Microsoft 365 में बड़े आउटेज के कारण Outlook का इनबॉक्स खोलने, ईमेल भेजने और रिसीव करने में दिक्कतें आने लगीं। वहीं, Microsoft Teams, Copilot और कंपनी की दूसरी ऑनलाइन सेवाओं के कई फीचर्स भी प्रभावित हुए। इस आउटेज का असर केवल आम यूजर्स पर ही नहीं, बल्कि कई कंपनियों और प्रोफेशनल्स के कामकाज पर भी पड़ा।

यह भी पढ़े : Google Cloud पर आए Meta के 3 AI मॉडल, सुंदर पिचाई ने मार्क जुकरबर्ग का किया स्वागत

आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट Downdetector पर Outlook से जुड़ी करीब 1.38 लाख शिकायतें दर्ज की गईं। कुछ यूजर्स को पांच घंटे से ज्यादा समय तक परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान ChatGPT और Claude जैसे AI टूल्स के Microsoft 365 कनेक्टर्स भी प्रभावित हुए।

Downdetector पर दर्ज हुईं 1.38 लाख शिकायतें

Microsoft की सेवाओं में आई खराबी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि Downdetector पर Outlook को लेकर शिकायतों का आंकड़ा 1,38,058 तक पहुंच गया। शुरुआत में कंपनी ने अमेरिका और लैटिन अमेरिकी देशों में समस्या की पहचान की थी, लेकिन बाद में बताया कि इसका असर दुनिया के किसी भी हिस्से के यूजर्स पर पड़ सकता है।

इस आउटेज के कारण कई लोग अपने जरूरी ईमेल नहीं देख पाए। बिजनेस कम्युनिकेशन, ऑनलाइन मीटिंग और ऑफिस के कामकाज पर भी इसका असर देखने को मिला।

Microsoft ने क्या कहा?

Microsoft ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि सेवाओं को सामान्य करने के लिए रिकवरी का काम जारी है। कंपनी के मुताबिक, शुरुआती स्तर पर सिस्टम की स्थिरता और सर्वर क्षमता में सुधार देखा गया है।

कंपनी ने यह भी बताया कि देरी से पहुंचने वाले ईमेल सुरक्षित रखने के लिए ईमेल टाइमआउट की अवधि बढ़ाकर 48 घंटे कर दी गई है। हालांकि, सर्वर क्षमता बहाल करने के शुरुआती प्रयासों के बाद भी कुछ यूजर्स को परेशानी होती रही।

आखिर क्यों ठप हुईं Microsoft की सेवाएं?

Microsoft के मुताबिक, इस आउटेज की मुख्य समस्या Exchange Online से जुड़ी थी। यह कंपनी की क्लाउड सर्विस है, जो ईमेल स्टोर करने, भेजने और कैलेंडर मैनेज करने का काम करती है। प्रभावित सर्वर पर सुरक्षित कनेक्शन स्थापित करने वाले सॉफ्टवेयर पर अचानक बहुत ज्यादा लोड बढ़ गया। इसके चलते कुछ सर्वर क्रैश हो गए। सर्वर कम होने के बाद बाकी सर्वर पर भी काम का दबाव बढ़ता चला गया।

कंपनी ने कुछ सर्वर रीस्टार्ट किए, लेकिन यूजर्स का लोड बढ़ते ही उनमें दोबारा समस्या आने लगी। इसके बाद Microsoft ने सीमित सर्वर पर पैच टेस्ट करने और नेटवर्क सेटिंग्स में किए गए हालिया बदलावों को वापस लेने की प्रक्रिया शुरू की।

Microsoft 365 के कौन-कौन से फीचर्स हुए प्रभावित?

Microsoft 365 के इस आउटेज का असर कई सेवाओं पर पड़ा। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:

  • Outlook: इनबॉक्स लोड करने, ईमेल भेजने और रिसीव करने में परेशानी।
  • Microsoft Teams: कैलेंडर खोलने और नई मीटिंग शेड्यूल करने में दिक्कत।
  • Microsoft Copilot: ऑफिस ईमेल, कैलेंडर और फाइलों को एक्सेस करने में समस्या।
  • SharePoint: Microsoft 365 से जुड़ी कुछ सेवाओं और कनेक्टिविटी पर असर।
  • AI Connectors: ChatGPT और Claude के Microsoft 365 कनेक्टर्स के जरिए मेल, कैलेंडर और सर्च से जुड़े काम प्रभावित हुए।

हालांकि, Teams के चैट और ऑनलाइन मीटिंग के मुख्य फीचर्स काफी हद तक काम कर रहे थे। परेशानी खासतौर पर Exchange Online पर निर्भर कैलेंडर और शेड्यूलिंग सेवाओं में आई।

ChatGPT और Claude के यूजर्स को भी हुई परेशानी

Microsoft 365 आउटेज का असर दूसरे AI प्लेटफॉर्म्स पर भी देखने को मिला। ChatGPT और Claude के Microsoft 365 कनेक्टर्स प्रभावित होने से यूजर्स अपने ऑफिस डेटा को इन AI टूल्स के जरिए एक्सेस नहीं कर पा रहे थे।

OpenAI ने बताया कि नए कनेक्शन बनाने और कुछ जरूरी काम करने में एरर आ रहा था। वहीं Anthropic ने भी पुष्टि की कि Claude के जरिए ईमेल, कैलेंडर और सर्च से जुड़े कई रिक्वेस्ट प्रभावित हुए। Microsoft का अपना AI असिस्टेंट Copilot भी ऑफिस से जुड़े डेटा को ठीक से एक्सेस नहीं कर पा रहा था।

ऑस्ट्रेलिया की सरकारी सेवाओं पर भी पड़ा असर

इस तकनीकी खराबी का असर ऑस्ट्रेलिया में भी देखने को मिला। वहां सरकारी एजेंसी Service NSW को सर्वर डाउन होने के कारण कई तरह के ट्रांजैक्शन करने में परेशानी हुई। इसके बाद एजेंसी ने अपने ऑफिस आने वाले लोगों से विजिट टालने की अपील की।

Microsoft ने साइबर हमले की आशंका को किया खारिज

Microsoft के अनुसार, इस तकनीकी खराबी के पीछे किसी साइबर हमले के सबूत नहीं मिले हैं। कंपनी की शुरुआती जांच में सर्वर पर अचानक बढ़ा लोड और नेटवर्क सेटिंग्स में हालिया बदलाव संभावित कारणों के तौर पर सामने आए हैं।

फिलहाल कंपनी की प्राथमिकता प्रभावित सर्वर की क्षमता बहाल करना और सभी सेवाओं को सामान्य करना है। इस घटना ने एक बार फिर दिखाया है कि क्लाउड आधारित सेवाओं पर निर्भरता बढ़ने के साथ किसी एक तकनीकी खराबी का असर दुनियाभर के कारोबार और रोजमर्रा के कामकाज पर पड़ सकता है।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

Exit mobile version