सोशल संवाद / जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने शुक्रवार को मानगो नगर निगम चुनाव के निमित्त भाजपा-एनडीए समर्थित मेयर प्रत्याशी संध्या सिंह के समर्थन में मानगो के विभिन्न क्षेत्रों में वृहद जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान मेयर प्रत्याशी संध्या सिंह विशेष रूप से मौजूद रहीं।
यह भी पढे : मानगो में संध्या सिंह के समर्थन में उतरे रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, तेज हुआ जनसंपर्क अभियान
जनसंपर्क अभियान के तहत दाईगुट्टू, बड़ा हनुमान मंदिर क्षेत्र, सरदुल फैक्टरी, शिव मंदिर लाइन, दीपा साई, धोबी लाइन, साव लाइन एवं झण्डा सिंह मध्य विद्यालय क्षेत्र में विधायक पूर्णिमा साहू ने कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और मतदाताओं से आगामी 23 फरवरी को क्रम संख्या 10 के कैमरा छाप पर मुहर लगाकर संध्या सिंह को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। जनसंपर्क के दौरान लोगों का उत्साह और समर्थन संध्या सिंह के पक्ष में दिखाई दिया।
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि मानगो के सर्वांगीण विकास, पारदर्शी एवं जवाबदेह नगर प्रशासन एवं लंबित मूलभूत समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए संध्या सिंह को भारी मतों से विजयी बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर मानगो के निर्माण के लिए भाजपा-एनडीए प्रत्याशी को आशीर्वाद दें, जिससे मानगो में विकास की नई दिशा तय हो सके। जनसपंर्क अभियान के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव, मानगो मंडल अध्यक्ष बिनोद राय, अमित अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त, विधायक पूर्णिमा साहू ने जुगसलाई नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद की भाजपा-एनडीए समर्थित प्रत्याशी रिंकू सिंह के समर्थन में भी जुगसलाई क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। अभियान के तहत कार्यकर्ताओं के संग उन्होंने साहू गली, रजक समाज क्षेत्र, रथ गली, तेल मिल, नया बाजार, बोरा पट्टी सहित अन्य क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और समर्थन की अपील की। इस दौरान उनके साथ जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रिंकू सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहीं।
विधायक पूर्णिमा साहू ने स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए आगामी 23 फरवरी को जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए रिंकू सिंह को क्रम संख्या 8 के ईंटे छाप पर मुहर लगाकर समर्थन एवं आशीर्वाद देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जुगसलाई के सुनियोजित विकास, पारदर्शी प्रशासन और मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए भाजपा-एनडीए प्रत्याशी को विजयी बनाएं। अभियान के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, अनिल मोदी, हन्नु जैन समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










