सोशल संवाद / रांची : झारखंड में मॉनसून अब रफ्तार पकड़ता दिख रहा है। पिछले कुछ दिनों में राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। सबसे अधिक बारिश पश्चिमी सिंहभूम जिले में रिकॉर्ड स्तर पर हुई है, जिससे नदियों और जलाशयों का जलस्तर बढ़ा है और किसानों को भी बड़ी राहत मिली है।
यह भी पढे : जमशेदपुर में खुलेगा अत्याधुनिक IDTR, सड़क सुरक्षा और स्किल डेवलपमेंट को मिलेगा नया आयाम
हालांकि, अच्छी बारिश के बावजूद पूरे राज्य में अब भी सामान्य से करीब 26 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून सक्रिय होने से आने वाले दिनों में कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। हाल ही में राज्य के कई हिस्सों के लिए भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि जुलाई के अंतिम सप्ताह में हुई अच्छी बारिश से धान की रोपाई और खरीफ फसलों को फायदा मिलेगा। हालांकि, शुरुआती दिनों में कम बारिश के कारण खेती का काम प्रभावित हुआ था।
मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों के किनारे सतर्क रहने और भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। यदि मॉनसून की यही रफ्तार बनी रही, तो राज्य में वर्षा की कमी आने वाले दिनों में और कम हो सकती है।









