सोशल संवाद / डेस्क : NCRTC ने दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत ट्रेन कॉरिडोर पर गाजियाबाद स्टेशन पर ‘खोया-पाया’ केंद्र स्थापित किया है, ताकि यात्रियों द्वारा छोड़ी गई वस्तुओं को वापस लौटाने में मदद मिल सके। अब तक 160 से ज़्यादा कीमती सामान – जिसमें लैपटॉप, स्मार्टफोन, दस्तावेज़, वॉलेट और बहुत कुछ शामिल है – को सफलतापूर्वक वापस लौटाया जा चुका है।
यह भी पढ़े : रेलवे : टाटानगर होकर चलेगी सावन स्पेशल गोंदिया-मधुपुर-गोंदिया एक्सप्रेस
नमो भारत कॉरिडोर पर ट्रेन संचालन अक्टूबर 2023 में शुरू किया गया था। सेवाओं के विस्तार के साथ, नमो भारत की सेवाएं वर्तमान में दिल्ली के न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक उपलब्ध हैं। ट्रेन के अंदर की सभी गतिविधियों पर नज़र रखने में ट्रेन अटेंडेंट की अहम भूमिका होती है। ट्रेन में छोड़े गए लावारिस सामान को तुरंत लास्ट एंड फाउंड सेंटर तक पहुंचाने में ट्रेन अटेंडेंट मदद करते हैं। हर ट्रेन में तैनात ट्रेन अटेंडेंट चलती ट्रेन में लगातार चक्कर लगाते रहते हैं।
NCRTC के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स ने बताया कि नमो भारत कनेक्ट ऐप में उपलब्ध “लास्ट एंड फाउंड” सेंटर के विकल्प पर जाकर यात्री ट्रेन स्टाफ द्वारा खोजे गए सामान की सूची में अपने खोए हुए सामान के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और उसे वापस पाने का दावा कर सकते हैं। निर्धारित सत्यापन के बाद उन्हें अपना सामान वापस मिल सकता है।
यात्री अपना सामान खोने के बाद तत्काल जानकारी के लिए संबंधित स्टेशन के कंट्रोलर से भी संपर्क कर सकते हैं। नमो भारत ट्रेनों के यात्री अब नमो भारत कनेक्ट ऐप में स्टेशन सुविधा विकल्प के माध्यम से सभी स्टेशनों के कंट्रोल रूम नंबरों तक पहुंच सकते हैं। खोए हुए सामान की पूछताछ के लिए, वे हेल्पलाइन 08069651515 पर भी कॉल कर सकते हैं। स्टेशनों पर छोड़े गए सामान को उसी स्टेशन से सत्यापन के बाद 24 घंटे के भीतर एकत्र किया जा सकता है, जबकि ट्रेनों में छोड़े गए सामान को गाजियाबाद स्टेशन पर ‘खोया और पाया’ केंद्र से प्राप्त किया जा सकता है।