सोशल संवाद / डेस्क : दीपावली के दौरान पटाखों से आग लगने की घटनाओं को देखते हुए मुंबई आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (MDMA) ने बड़ा कदम उठाया है। प्राधिकरण ने बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) की सीमा में स्काई रॉकेट और हवा में उड़ने वाले अन्य पटाखों के इस्तेमाल पर 25 नवंबर 2026 तक प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश 9 नवंबर को जारी किया गया था।
यह भी पढ़े : झारखंड के 4 आदिवासी जिलों में जमीन की हेराफेरी का आरोप, हाईकोर्ट सख्त; केंद्र और राज्य सरकार को नोटिस
पिछले दो दिनों में मुंबई और आसपास के इलाकों में पटाखों के कारण आग लगने की कई घटनाएं सामने आई थीं। इसके बाद आग से होने वाले नुकसान और नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
पटाखों से इमारतों में आग लगने का खतरा
अधिकारियों के मुताबिक, स्काई रॉकेट और हवा में उड़ने वाले पटाखों के जलने के बाद उनके अवशेष इमारतों की छतों, बालकनी, खिड़कियों और आसपास रखी ज्वलनशील वस्तुओं पर गिर सकते हैं। इससे आग लगने की आशंका बनी रहती है।
प्राधिकरण ने मुंबई की भौगोलिक और शहरी स्थिति का भी हवाला दिया है। शहर में घनी आबादी, ऊंची इमारतें, झुग्गी-बस्तियां, संकरी सड़कें और एक-दूसरे से सटी व्यावसायिक व रिहायशी इमारतें हैं। ऐसे में पटाखों से लगी आग तेजी से फैल सकती है और जान-माल का नुकसान हो सकता है।
कहां-कहां लागू होगा प्रतिबंध?
यह प्रतिबंध BMC की पूरी सीमा के भीतर लागू रहेगा। सार्वजनिक और निजी, दोनों तरह की जगहों पर स्काई रॉकेट और हवा में उड़ने वाले अन्य पटाखों का इस्तेमाल प्रतिबंधित किया गया है।
इसमें शामिल हैं:
- आवासीय इमारतें और उनकी छतें
- बालकनी और आंगन
- पार्किंग क्षेत्र
- झुग्गी-बस्तियां
- अन्य सार्वजनिक और निजी परिसर
25 नवंबर की रात 11:59 बजे तक लागू रहेगा आदेश
MDMA का यह आदेश 9 नवंबर से प्रभावी हो गया है और 25 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक लागू रहेगा। इसे आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 41(A) (संशोधित), 26(2), 30 और 34(M) के तहत जारी किया गया है।
आदेश के पालन और इसकी जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए संबंधित डिविजनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस, नगर निगम के असिस्टेंट कमिश्नर और आपदा प्रबंधन विभाग को निर्देश दिए गए हैं। BMC के जनसंपर्क अधिकारी को भी प्रतिबंध का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा गया है।











