---Advertisement---
Banner 1
Banner 2

26 वर्षों बाद जगी नई उम्मीद, वेदांता के साथ मिलकर केबल की नई पहचान बनाएंगे कर्मचारी : केबल मजदूर संघ

By Tamishree Mukherjee

Published :

Follow
वेदांता के साथ मिलकर केबल की नई पहचान बनाएंगे कर्मचारी

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / जमशेदपुर: वेदांता द्वारा केबल कंपनी के अधिग्रहण के बाद रविवार को केबल गेट परिसर में केबल मजदूर संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लेकर कंपनी के भविष्य, कर्मचारियों के हितों एवं वेदांता प्रबंधन के साथ समन्वय स्थापित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक की शुरुआत हाल ही में दिवंगत केबल कर्मचारी स्वर्गीय सुबोध कुमार को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। उपस्थित सभी कर्मचारियों ने उनके योगदान को याद करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

यह भी पढ़े : झारखंड में बंद पड़े चापाकल बनेंगे रिचार्ज पिट, बारिश के पानी से बढ़ेगा भूजल स्तर

बैठक को संबोधित करते हुए केबल मजदूर संघ के संस्थापक सागर तिवारी ने कहा कि लगभग 26 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद कंपनी का दोबारा संचालन शुरू होना कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं है। वर्षों तक बंद पड़ी कंपनी के कारण हजारों परिवारों ने कठिन परिस्थितियों का सामना किया, लेकिन अब वेदांता के आने से एक नई उम्मीद जगी है। उन्होंने वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल एवं पूरे वेदांता प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से वर्षों से बंद पड़ी केबल कंपनी को नया जीवन मिलने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि केबल मजदूर संघ जल्द ही वेदांता के अधिकारियों से मुलाकात करेगा और कर्मचारियों की सभी मांगों, सुझावों एवं समस्याओं को विस्तारपूर्वक उनके समक्ष रखेगा। साथ ही संघ वेदांता प्रबंधन को अपना पूर्ण समर्थन भी देगा, ताकि कर्मचारियों और प्रबंधन के आपसी सहयोग से कंपनी नई ऊंचाइयों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल मांग रखना नहीं, बल्कि वेदांता के साथ मिलकर केबल की खोई हुई पहचान को वापस दिलाना और कर्मचारियों का सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना है।

इसके बाद बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी कर्मचारी एकजुट होकर केबल मजदूर संघ के बैनर तले अपनी मांगों एवं सुझावों को वेदांता प्रबंधन के समक्ष रखेंगे तथा कंपनी के पुनर्निर्माण और विकास में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

बैठक का संचालन रविंद्र मिश्रा ने किया। उन्होंने कहा कि केबल मजदूर अब किसी भी प्रकार की राजनीति का शिकार नहीं बनेंगे। अतीत में कर्मचारियों के नाम पर काफी राजनीति हुई, जिसका सबसे अधिक नुकसान मजदूरों को उठाना पड़ा। अब सभी कर्मचारी एकजुट होकर केवल अपने अधिकारों, सम्मान और कंपनी के विकास के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि केबल मजदूर संघ के बैनर तले कर्मचारी अपनी मांगों को वेदांता प्रबंधन के समक्ष मजबूती से रखेंगे। हमारा उद्देश्य किसी से टकराव नहीं, बल्कि सहयोग है। कर्मचारियों और वेदांता के संयुक्त प्रयास से आने वाले समय में केबल की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलेंगी।

संघ के वरिष्ठ सदस्य प्रदीप झा ने कहा कि केबल कर्मचारी पहले भी राजनीति का शिकार हो चुके हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। केबल मजदूर संघ कर्मचारियों का अपना मंच है और यही मंच वेदांता का सहयोगी बनकर कर्मचारियों के हितों के साथ-साथ कंपनी की प्रगति के लिए भी कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है, ताकि सभी समस्याओं का समाधान आपसी सहमति से हो और कंपनी निरंतर प्रगति करे।

बैठक के अंत में उपस्थित सभी कर्मचारियों ने संगठन की एकजुटता बनाए रखने, वेदांता प्रबंधन के साथ सकारात्मक सहयोग करने तथा कंपनी के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कर्मचारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि वेदांता के नेतृत्व, कर्मचारियों के अनुभव और आपसी सहयोग से केबल का स्वर्णिम दौर एक बार फिर लौटेगा तथा हजारों परिवारों की उम्मीदें फिर से साकार होंगी।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

संबंधित पोस्ट