सोशल संवाद/डेस्क: कुछ दिनों की राहत के बाद एक बार फिर ठंड वापस लौट आया है। शाम होते ही ठंड से सिहरन महसूस होने लगी है। पूर्वी सिंहभूम में पिछले 48 घंटे में 4 डिग्री की गिरावट के साथ मंगलवार को जमशेदपुर का न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इससे पहले यहां का तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर था।
यह भी पढ़ें: अतिक्रमण, भवन मानक उल्लंघन एवं पार्किंग प्रबंधन पर कार्रवाई – जेएनएसी प्रवर्तन दल
जबकि अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां भी एक से दो डिग्री तापमान की गिरावट दर्ज की गई है यानी अधिकतम तापमान एवं न्यूनतम तापमान में गिरावट के चलते ठंड का प्रकोप शुरू हो गया है। आद्रता यानी हवा में नमी की मात्रा अधिकतम 89% एवं न्यूनतम 28% दर्ज किया गया।

क्यों हो रहा है तापमान में बदलाव?
रांची मौसम केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने इस बदलाव के पीछे का कारण बताया। उनके अनुसार, यह तापमान में गिरावट उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण हो रही है, जो झारखंड के निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर प्रभावी हैं।
अगले कुछ दिनों का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल ठंड से राहत मिलने की उम्मीद कम है, बल्कि आने वाले दिनों में सर्दी और भी सताएगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट आ सकती है। यानी, कंपकंपी और बढ़ेगी। हालांकि, इसके बाद तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होने की संभावना है, लेकिन तब तक सर्दी का सितम जारी रहेगा।








