सोशल संवाद / सरायकेला-खरसावां: आदित्यपुर स्थित आसंगी चेक डैम में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। एनआईटी जमशेदपुर के मेटालर्जी विभाग के चौथे वर्ष के छात्र मीर हसन अपने दोस्तों के साथ चेक डैम घूमने और नहाने गए थे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते लापता हो गए। साथियों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक छात्र पानी में डूब चुका था। \
यह भी पढे : ‘वीणा रानी पवन स्मृति सम्मान समारोह’ में सजा साहित्य, कला और संस्कृति का संगम, विभूतियों का हुआ सम्मान
घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। छात्र की तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया गया, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस पूरे मामले की जांच भी कर रही है।
एनआईटी परिसर में छात्रों का प्रदर्शन
हादसे की खबर फैलते ही एनआईटी जमशेदपुर परिसर में छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में छात्र एकत्र होकर जिला प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि आसंगी चेक डैम जैसे संवेदनशील स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, चेतावनी बोर्ड और निगरानी के अभाव के कारण यह हादसा हुआ। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा के उचित इंतजाम होते तो इस घटना को टाला जा सकता था।
एक करोड़ रुपये मुआवजे और निष्पक्ष जांच की मांग
प्रदर्शनकारी छात्रों ने छात्र के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल जिला प्रशासन और पुलिस का पूरा ध्यान राहत एवं खोज अभियान पर केंद्रित है। छात्र के परिजन, साथी और एनआईटी समुदाय उसकी तलाश पूरी होने और घटना की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।









