जापान में गोल्ड जीतने वाले पैरा तीरंदाज विजय सुंडी सम्मानित, पश्चिमी सिंहभूम में हुआ भव्य स्वागत

By Riya Kumari

Published :

Follow
जापान में गोल्ड जीतने वाले पैरा तीरंदाज विजय सुंडी सम्मानित, पश्चिमी सिंहभूम में हुआ भव्य स्वागत

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद/चाईबासा: जापान के आइची-नागोया में आयोजित 5वें पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर देश और पश्चिमी सिंहभूम जिले का नाम रोशन करने वाले पैरा तीरंदाज विजय सुंडी को जिला प्रशासन ने सम्मानित किया। जिला समाहरणालय स्थित उपायुक्त प्रकोष्ठ में आयोजित समारोह में उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू और उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने उन्हें अंगवस्त्र, फल की टोकरी और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

यह भी पढे : जनजातीय गौरव दिवस पर 11 से 18 नवंबर तक देशभर में कार्यक्रम करेगी भाजपा, अर्जुन मुंडा ने दी जानकारी

इस मौके पर अधिकारियों ने विजय सुंडी की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना पूरे जिले, राज्य और देश के लिए गर्व की बात है। विजय ने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति से साबित किया है कि मजबूत संकल्प के सामने कोई चुनौती बड़ी नहीं होती।

हरविंदर सिंह के साथ जीता स्वर्ण पदक

उल्लेखनीय है कि 23 अक्टूबर 2026 को जापान के आइची-नागोया में आयोजित 5वें पैरा एशियाई खेलों की पुरुष रिकर्व डबल्स स्पर्धा में विजय सुंडी ने भारतीय तीरंदाज हरविंदर सिंह के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता था। इस जीत से भारत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरव मिला और पश्चिमी सिंहभूम जिले को भी विशेष पहचान मिली।

कोच महर्षि महेंद्र सिंकु भी हुए सम्मानित

सम्मान समारोह में विजय सुंडी के कोच महर्षि महेंद्र सिंकु को भी उनके योगदान के लिए स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि खिलाड़ी की सफलता में उसके अभ्यास और मेहनत के साथ-साथ कोच का मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन भी अहम भूमिका निभाता है।

दिव्यांगजनों और युवाओं के लिए प्रेरणा हैं विजय सुंडी

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि विजय सुंडी की सफलता जिले के युवाओं और विशेषकर दिव्यांगजनों के लिए प्रेरणा है। उनकी उपलब्धि बताती है कि शारीरिक चुनौतियां किसी व्यक्ति की प्रतिभा और सपनों को सीमित नहीं कर सकतीं। जिला प्रशासन खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत रहेगा।

पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने कहा कि विजय सुंडी ने दृढ़ इच्छाशक्ति, नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता जिले के दूसरे युवाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

वहीं, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने इसे पश्चिमी सिंहभूम के लिए गर्व का क्षण बताते हुए विजय सुंडी और उनके कोच को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जिला प्रशासन ने उम्मीद जताई कि विजय सुंडी भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और जिले का नाम रोशन करते रहेंगे।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

Exit mobile version