सोशल संवाद /जमशेदपुर : शहर में लंबित विकास योजनाओं को गति देने के लिए जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) ने भुगतान प्रक्रिया तेज करने का निर्णय लिया है। नगर आयुक्त योगेंद्र प्रसाद ने निर्देश दिया है कि जिन योजनाओं में बालू, गिट्टी या ईंट के चालान को लेकर कोई तकनीकी अड़चन नहीं है, उनका भुगतान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

यह भी पढ़े : ट्रैफिक जांच में रुपये लेने का वीडियो वायरल, तीन निलंबित
गुरुवार को जेएनएसी कार्यालय में नगर आयुक्त की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में लंबित भुगतान, निर्माण कार्यों की प्रगति और योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि संवेदक आवश्यक चालान उपलब्ध कराते ही भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी। नगर आयुक्त ने कनीय अभियंताओं को नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने और कार्यों की गुणवत्ता व गति पर नजर रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि योजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करना प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में बताया गया कि खनन चालान की कमी और नए नियमों के कारण करीब 70 प्रतिशत विकास योजनाएं प्रभावित हुई हैं। ऐसे में जिन योजनाओं में कोई तकनीकी बाधा नहीं है, उन्हें तेजी से पूरा कराने के लिए भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्णय लिया गया है। जेएनएसी के इस कदम से शहर में रुके निर्माण कार्यों को दोबारा गति मिलने की उम्मीद है।









