सोशल संवाद / नीमडीह : आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को नीमडीह थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचलाधिकारी (सीओ) तथा पुलिस निरीक्षक ने की। बैठक में नीमडीह थाना क्षेत्र के शांति समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यह भी पढे : ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण, सुरक्षा मानकों के सख्त अनुपालन का निर्देश
बैठक के दौरान मोहर्रम पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने तथा सामाजिक सौहार्द कायम रखने पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से अपील की कि पर्व के दौरान सभी लोग आपसी सहयोग और समन्वय बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
बैठक में मोहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि पर्व के दौरान क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा।
शांति समिति के सदस्यों ने भी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाने के लिए प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। बैठक का समापन सभी समुदायों के बीच आपसी सद्भाव, एकता और सौहार्द बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।










