सोशल संवाद/रांची : सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को अब कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और उनकी पेंशन स्वीकृति का कार्य समय पर पूरा हो सकेगा। वित्त विभाग ने पेंशन स्वीकृति एवं भुगतान की प्रक्रिया को सरल, सुगम और पारदर्शी बनाने के लिए बड़ा बदलाव किया है। राज्य में एक सितंबर से पेंशन से संबंधित सभी स्वीकृतियां और निष्पादन केवल ई-पेंशन पोर्टल पर डिजिटल सिग्नेचर के माध्यम से किए जाएंगे। इस व्यवस्था के लागू होने से पेंशन मामलों के निष्पादन में तेजी आएगी और अनावश्यक कागजी देरी से मुक्ति मिलेगी।

यह भी पढे : Tata Steel News: DGMS और यूनियन के साथ त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक, माइनिंग में Zero Harm पर जोर
वित्त विभाग की संयुक्त सचिव ज्योति कुमारी झा ने राज्य के सभी अपर मुख्य सचिवों, प्रधान सचिवों, सचिवों, विभागाध्यक्षों और सभी जिलों के उपायुक्तों को इस बाबत निर्देश जारी किया है। इसमें उन्होंने स्पष्ट कहा है कि पेंशन स्वीकृति और भुगतान को सरल, सुगम तथा पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से यह नई व्यवस्था अनिवार्य की जा रही है।
डीडीओ से लेकर स्वीकृति प्राधिकार तक ऑनलाइन प्रक्रियाः
नई व्यवस्था के तहत कर्मचारी द्वारा ई-पेंशन पोर्टल पर दर्ज किए गए आंकड़ों का डीडीओ सत्यापन करेंगे और आवेदन के समय छूटे दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे। डीडीओ पेंशन निर्धारण प्रपत्र तैयार करने तथा महालेखाकार कार्यालय के लिए नो ड्यूजप्रमाणपत्र तैयार करने की कार्रवाई भी पोर्टल पर करेंगे। आवश्यकता होने पर डीडीओ कर्मचारी की ओर से पेंशन प्रपत्र भी तैयार कर सकेंगे।
पेंशन स्वीकृति प्राधिकार की जिम्मेदारी दस्तावेजों का सत्यापन करने और पेंशन संबंधी अनुरोध को महालेखाकार कार्यालय भेजने की होगी। इसके बाद महालेखाकार कार्यालय ई-पेंशन प्रपत्र डाउनलोड कर उसकी जांच करेगा तथा पेंशन भुगतान आदेश जारी होने के बाद ई-पीपीओ पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
कोषागार स्तर पर भी होगी ऑनलाइन जांच
ई-पेंशन व्यवस्था में कोषागार पदाधिकारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका तय की गई है। कोषागार स्तर पर विवरणात्मक भूमिका प्रपत्र और नो ड्यूज प्रमाणपत्र को देखा व सत्यापित किया जाएगा। इसके बाद ई-पेंशन प्रपत्र को अंतिम प्रक्रिया के लिए स्वीकार किया जाएगा। आवेदन की स्थिति भी ऑनलाइन देखी जा सकेगी। विभाग ने डीडीओ और पेंशन स्वीकृति प्राधिकार के लिए डिजिटल हस्ताक्षर के इस्तेमाल की विस्तृत प्रक्रिया भी उपलब्ध कराई है। इसमें जे-कुबेर पर डिजिटल हस्ताक्षर प्रमाणपत्र के पंजीकरण, पेंशन प्रपत्र तथा एक्सएमएल के ऑनलाइन प्रसंस्करण और डिजिटल हस्ताक्षर करने की प्रक्रिया बताई गई है।









