सोशल संवाद / जमशेदपुर: बर्मामाइंस स्थित ईस्ट प्लांट बस्ती के लोगों ने लंबे समय से चली आ रही गंदे पेयजल की समस्या और अनियमित जलापूर्ति को लेकर जुस्को (JUSCO) प्रबंधन से शिकायत की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार गंदे पानी की सप्लाई हो रही है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है और रोजमर्रा की जिंदगी भी प्रभावित हो रही है।

यह भी पढे : Myanmar Boat Tragedy: 500 से ज्यादा रोहिंग्या शरणार्थी समुद्र में लापता
इसी मुद्दे को लेकर ईस्ट प्लांट बस्ती का एक प्रतिनिधिमंडल समाजसेवी अभिषेक सिंह के नेतृत्व में जुस्को टाउन ऑफिस पहुंचा और महाप्रबंधक से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बस्ती में आने वाला पानी पीने योग्य नहीं है। पानी में गंदगी होने के कारण लोगों को मजबूरी में वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि जलापूर्ति का समय पूरी तरह अनियमित हो गया है। कई बार सुबह 6 बजे मिलने वाला पानी सुबह 8 बजे तक आता है, जबकि शाम 5 बजे की सप्लाई कई बार रात 10 बजे के बाद होती है। इस अनियमितता के कारण लोगों को घरेलू कामकाज, बच्चों की पढ़ाई और अन्य दैनिक कार्यों में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने जुस्को प्रबंधन से मांग की कि जल्द से जल्द गंदे पानी की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए और जलापूर्ति को निर्धारित समय के अनुसार नियमित किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में रंजीत झा, कमल नारायण चौबे, रामानुज चौबे, सुमन पांडे, धनंजय सिंह, मंजीत कुमार, लखविंदर महतो, अमर सिंह, अक्षय सिंह, चंदन झा, बिल्टू कुमार, रंजीत राउत, गुरबीर सिंह, सागर दुबे, रोशन कुमार, आयुष कुमार, रंजन कुमार समेत कई स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।










