सोशल संवाद/रांची : पुलिस एसोसिएशन ने डुमरी के विधायक जयराम महतो और उनके समर्थकों द्वारा धनबाद के बरवा अड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार से कथित अमर्यादित व्यवहार पर कड़ा विरोध जताया है। एसो. ने विधायक की पांच दिन में गिरफ्तारी की मांग की है। चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर राज्यभर के पुलिसकर्मी आंदोलन करेंगे। इसे लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष ने प्रेस विज्ञप्ति जारी की है।
यह भी पढे : झारखंड में पेंशन स्वीकृति की प्रक्रिया हुई डिजिटल, कार्यालय का नही लगाना होगा चक्कर
एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मूने कहा कि विधायक द्वारा सोशल मीडिया और प्रेस के माध्यम से लगातार पुलिसकर्मियों के प्रति अमर्यादित बयानबाजी की जा रही है। इससे पुलिसकर्मियों के सम्मान और गरिमा को गहरी ठेस पहुंची है। एसो. ने विधायक की कथित धमकियों को देखते हुए थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों के जान-माल के खतरे की आशंका जताई है।
एसो. की केंद्रीय समिति ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में पांच दिनों के अंदर विधायक जयराम महतो सहित सभी अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए कानूनी प्रक्रिया अविलम्ब पूरी की जाए। कार्रवाई नहीं होने पर एसो. पूरे राज्य में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा।
प्रिंस खान की धमकी के समय कहां था पुलिस एसोसिएशन : जयराम
झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के अल्टीमेटम पर जयराम ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि उस दिन पुलिस एसोसिएशन वाले कहां थे जब धनबाद के एसएसपी को अपराधी प्रिंस खान ने धमकी दी थी। तब एसोसिएशन वालों ने अल्टीमेटम क्यों नहीं दिया था।
मंगलवार को अपने सोशल मीडिया पेज पर वीडियो जारी करते हुए जयराम ने कहा कि वह जिस तोपचांची क्षेत्र से आते हैं, उसे कभी लालखंड कहा जाता था और यहां रहने वाले लोगों को लालखंडी। वह किसी संगठन के दबाव में डरने और झुकने वाले नहीं हैं। विधायक ने पुलिस एसोसिएशन से कहा कि 1980 के दशक के बारे में पता कर लीजिए जब तोपचांची में एक बड़ा बाबू को उठाकर आंदोलनकारी ढोलकट्टा के जंगल ले गए थे। उस समय के एसपी को वहां जाने की हिम्मत नहीं हुई और एसपी विनोद बाबू के पास पहुंचे और कहा कि साथ में चलिए। हम जिस मिट्टी से आते हैं वहां के लोग पुलिस से डरना नहीं, भिड़ना जानते हैं। विधायक ने कहा की कोयला चोरी और बालू चोरी करने वाली इस पुलिस से वह किसी भी हालत में डरने वाले नहीं हैं।









