सोशल संवाद / जमशेदपुर : मानगो नगर निगम क्षेत्र में नदी किनारे सरकारी जमीन पर बने 16 घर तोड़ने का अभियान मंगलवार को शुरू नहीं हो सका। इसके लिए पुलिसकर्मी उपलब्ध नहीं होने से यह स्थिति उत्पन्न हुई। अभियान के लिए वरीय दंडाधिकारी के रूप में मानगो नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त आकिब जावेद ने पुलिस का काफी देर तक इंतजार किया।
परंतु उन्हें बताया गया कि फिलहाल जमशेदपुर में पुलिस फोर्स की कमी है। अधिकांश पुलिस जवान श्रावणी मेला में ड्यूटी के लिए देवघर भेजे गए हैं। जिला में इसके अतिरिक्त अन्य पुलिसकर्मी इतने नहीं हैं कि कोई खास अभियान चलाया जा सके। इसकी वजह से अब यह तय माना जा रहा है कि छह अगस्त को भुइयांडीह में नदी किनारे जो 145 घर तोड़ने जाने हैं, वह भी टलेगा। यही स्थिति उस दिन भी उत्पन्न होना तय है।
ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि ये अभियान अब देवघर से पुलिसकर्मियों के लौटने के बाद ही शुरू हो सकेगा। इसके लिए कम से कम 25 दिन इंतजार करना होगा। एनजीटी ने जमशेदपुर में नदी के बिल्कुल किनारे घर बनाने वालों को अतिक्रमणकारी करार देते हुए उनसे जगह खाली कराने का आदेश जिला प्रशासन को दे रखा है।









