सोशल संवाद / डेस्क : पंजाब पुलिस ने एक बड़ी आतंकी साजिश का खुलासा करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े दो कथित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 4 नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि इनमें से एक मॉड्यूल दिल्ली के जंतर-मंतर पर हालिया छात्र प्रदर्शन के दौरान हमला करने की योजना बना रहा था।

जंतर-मंतर पर पेट्रोल बम से हमले की थी साजिश
पंजाब पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि एक आरोपी अपने साथियों के साथ दिल्ली पहुंचा था और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पेट्रोल बम से हमला करने की योजना थी। हालांकि, वहां सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के कारण आरोपी हमला किए बिना ही पंजाब लौट गए।
हथियार और पेट्रोल बम बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 अवैध पिस्तौल, 9 जिंदा कारतूस और 4 पेट्रोल बम बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ संदिग्ध रेलवे ट्रैक के पास गुप्त CCTV कैमरे लगाकर उसकी फुटेज विदेशी हैंडलरों तक पहुंचा रहे थे।
ISI हैंडलर और विदेशी नेटवर्क से जुड़े तार
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपियों का संपर्क पाकिस्तान स्थित ISI हैंडलरों से था। इनका उद्देश्य स्थानीय युवाओं को आतंकी गतिविधियों के लिए भर्ती करना, संवेदनशील स्थानों की रेकी करना और देश में अशांति फैलाना था।
जांच जारी, नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और आरोपियों के वित्तीय लेन-देन, विदेशी संपर्कों तथा अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि देश की सुरक्षा से जुड़े इस मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।









