सोशल संवाद / सरायकेला: निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सामुदायिक भवन, सरायकेला स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण मंगलवार को उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। निरीक्षण में राज्य स्तरीय नोडल पदाधिकारी (वेयरहाउस) देवदास दत्ता भी मौजूद रहे। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी-सह-निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अभिनव प्रकाश तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
यह भी पढे : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, डबल लॉक सिस्टम, प्रवेश-निकास रजिस्टर, सील की स्थिति तथा ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया। साथ ही सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुपालन एवं अभिलेखों के संधारण की भी समीक्षा की गई।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता से सीधे जुड़ी हुई है। इसलिए सुरक्षा व्यवस्था के प्रत्येक पहलू पर विशेष सतर्कता बरती जानी चाहिए।
राज्य स्तरीय नोडल पदाधिकारी देवदास दत्ता ने भी वेयरहाउस में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन उपकरणों समेत अन्य सुरक्षा संसाधनों की नियमित जांच एवं रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभिलेखों के अद्यतन संधारण, प्रवेश-निकास गतिविधियों की सतत निगरानी तथा वेयरहाउस प्रबंधन से जुड़े सभी निर्धारित मानकों के अनुपालन पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वेयरहाउस की सुरक्षा एवं प्रबंधन व्यवस्था का विस्तृत अवलोकन किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और मतदाताओं के विश्वास को मजबूत करने के लिए सभी निर्धारित प्रोटोकॉल का निरंतर पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया।










